First Hydrogen Train Fare, Route and Features: भारत रेल इतिहास में एक नई और हरित क्रांति की शुरुआत होने जा रही है. पटरियों पर अब शोर और धुएं की नहीं, बल्कि स्वच्छ भविष्य की रफ्तार दिखाई देगी. भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जो न धुआं छोड़ेगी, न प्रदूषण फैलाएगी, बल्कि अपनी ताकत के सबूत में सिर्फ पानी की बौछारें उड़ाएगी. यह सिर्फ एक नई ट्रेन नहीं, बल्कि पर्यावरण के साथ चलने की भारत की नई सोच है. इस ट्रेन की पहली झलक सामने आ चुकी है और इसे हरियाणा में शुरू किया जाएगा. भारत की पहली हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन हरियाणा के जींद से सोनीपत के बीच चलेगी. यह ट्रेन नीले रंग की होगी, जिस पर सफेद धारियां बनी होंगी. यह ट्रेन अब सिर्फ योजना नहीं है, बल्कि इसका ट्रायल सफलतापूर्वक हो चुका है. जींद जंक्शन पर शुरुआती परीक्षण पूरे हो गए हैं और जल्द ही इसे आम लोगों के लिए शुरू किया जाएगा.
हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन की खासियत
आम ट्रेनों में डीजल इस्तेमाल होता है, जो प्रदूषण फैलाता है, लेकिन यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर चलेगी. इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन के रिएक्शन से बिजली बनती है. इस प्रक्रिया में धुआं या जहरीली गैस नहीं निकलती, सिर्फ पानी की भाप निकलती है.
हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन से क्या फायदा होगा?
भारत अब डीजल से हटकर साफ और हरित तकनीक की ओर बढ़ रहा है. यह ट्रेन प्रदूषण नहीं फैलाएगी, पर्यावरण के लिए ज्यादा सुरक्षित और टिकाऊ है. यात्रियों और माल ढुलाई दोनों के लिए बेहतर विकल्प है.
हाइड्रोजन ट्रेन का किरायाजहां आज के समय में स्पीड और फैसिलिटी के नाम पर भारी किराया वसूला जाता है, वहीं रिपोर्ट्स हैं कि इस हाई-टेक ट्रेन का किराया कम से कम 5 रुपये और ज्यादा से ज्यादा सिर्फ 25 रुपये हो सकता है. यह स्टूडेंट्स, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना ट्रेवल करने वाले लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा.
- यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलेगी और रास्ते में गोहाना भी आएगा.
- ट्रेन के ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और तकनीकी जांच भी पूरी है.
- इस ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है.
- टिकट की कीमत और समय-सारिणी को लेकर अभी सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
- यह ट्रेन मेट्रो जैसी होगी, हर डिब्बे में दोनों तरफ दो-दो दरवाजे होंगे.
- ट्रेन बहुत शांत चलेगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा.
- इसमें पंखे, लाइट और एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं होंगी.
- ट्रेन में 8 यात्री डिब्बे होंगे और सुरक्षा के लिए स्टेशन से चलने से पहले दरवाजे पूरी तरह बंद होंगे.














