45 साल में पहली बार मई में चलेगी ‘पैलेस ऑन व्हील्स’, 20 मई को होगा विशेष टूर, जानिए रूट और कैसे करें टिकट बुक

Palace on Wheels Train: नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के मुताबिक, यह पहली बार है जब मई में पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन की सेवा शुरू की जा रही है. पहले गर्मी की वजह से मई में ट्रेन नहीं चलाई जाती थी, लेकिन इस बार अच्छी डिमांड है, इसलिए इसे चलाने का फैसला लिया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Palace on Wheels Train
file photo

Palace on Wheels Train: पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन को लेकर एक खास खबर सामने आई है. 45 साल के इतिहास में पहली बार राजस्थान की मशहूर लग्जरी ट्रेन ‘पैलेस ऑन व्हील्स' मई महीने में चलने जा रही है. इस ट्रेन की शुरुआत 26 जनवरी 1982 को हुई थी. तब से यह हर साल सितंबर से अप्रैल के बीच ही चलाई जाती रही है. मई और जून की तेज गर्मी को देखते हुए इस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया जाता था, लेकिन इस बार रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन की जबरदस्त मांग सामने आई है. पैलेस ऑन व्हील्स को भारत की पहली लग्जरी हेरिटेज ट्रेन माना जाता है और यह दुनिया की सबसे शानदार शाही ट्रेनों में गिनी जाती है. यह ट्रेन राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) और भारतीय रेलवे की संयुक्त पहल है.

45 साल में पहली बार मई में चलेगी पैलेस ऑन व्हील्स

नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के मुताबिक, यह पहली बार है जब मई में पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन की सेवा शुरू की जा रही है. पहले गर्मी की वजह से मई में ट्रेन नहीं चलाई जाती थी, लेकिन इस बार अच्छी डिमांड है, इसलिए इसे चलाने का फैसला लिया गया है. आमतौर पर पैलेस ऑन व्हील्स सितंबर से अप्रैल के बीच ही चलाई जाती है. राजस्थान में मई का महीना बेहद गर्म होता है. इस दौरान तापमान अक्सर 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला जाता है और पर्यटकों की संख्या भी सबसे कम रहती है. इसी वजह से ज्यादातर टूर ऑपरेटर मई में सेवाएं बंद रखकर सितंबर से दोबारा शुरुआत करते हैं, लेकिन इस बार पर्यटकों की बढ़ी रुचि के चलते पैलेस ऑन व्हील्स मई में भी दौड़ेगी, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक फैसला माना जा रहा है.

पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन का रूट

रेलवे के मुताबिक, यह विशेष यात्रा 20 मई से 25 मई तक चलेगी. ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से रवाना होगी और करीब 2,610 किलोमीटर का सफर तय करेगी. इस दौरान यह दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, बीकानेर और कई ऐतिहासिक शहरों से होकर गुजरेगी. इस लग्जरी ट्रेन को भारतीय रेलवे की ‘भारत गौरव ट्रेन पॉलिसी' के तहत चलाया जा रहा है. ट्रेन का नंबर 00290 रखा गया है. छह दिन के इस सफर में यात्रियों को राजस्थान की संस्कृति, किले, महल और रेगिस्तानी खूबसूरती का शानदार अनुभव मिलेगा.

यह भी पढ़ें:- न धुआं, न प्रदूषण... नोएडा एयरपोर्ट के लिए 1 जून से चलेंगी 5 हाइड्रोजन बसें, जानिए रूट और कहां से मिलेगी सेवा

Advertisement
पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन की सुविधा

पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे. इनमें 6 WPCT‑1 सैलून कोच, 7 WPCT‑2 सैलून कोच, 1 सुपर डीलक्स सैलून कोच और 2 रेस्टोरेंट‑कम‑बार कोच शामिल हैं. इसके अलावा किचन कोच, स्टाफ कोच, सर्विस कोच और स्पा कोच भी होंगे. पैलेस ऑन व्हील्स के 14 खास कोच राजस्थान की अलग‑अलग रियासतों के नाम पर रखे गए हैं. हर कोच को शाही पहचान देने के लिए उनका नाम इन रियासतों पर रखा गया है. अलवर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, धौलपुर, दुर्गापुर, जैसलमेर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, किशनगढ़, कोटा, सिरोही और उदयपुर आदि. इन शाही नामों वाले कोच ट्रेन को एक राजसी और ऐतिहासिक एहसास देते हैं, जिसकी वजह से पैलेस ऑन व्हील्स दुनिया की सबसे खास लग्जरी ट्रेनों में मानी जाती है.

Featured Video Of The Day
Yogi Cabinet: UP में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार, 6 नए चेहरों के साथ क्षेत्र और जाति को साधेगी BJP
Topics mentioned in this article