Annual Health Checkup: केंद्र सरकार ने देश के करोड़ों कामगारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री के 'श्रमेव जयते' विजन को आगे बढ़ाते हुए, केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय ने 40 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों के लिए मुफ्त सालाना हेल्थ चेकअप अभियान की घोषणा की है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
7 मई को होगी शुरुआत
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया 7 मई को इस देश व्यापी अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे. मुख्य कार्यक्रम दिल्ली के ESIC मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बसईदारापुर में आयोजित किया जाएगा. इसी के साथ देश के 11 अन्य महत्वपूर्ण ESIC अस्पतालों में भी इस योजना को एक साथ लॉन्च किया जाएगा, जहां राज्यों के श्रम मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे.
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में शुरू होगी सिटी बस सेवा, जेवर एयरपोर्ट जाना होगा आसान, ये होंगे रूट
नए लेबर कोड और सामाजिक सुरक्षा का विस्तार
यह पहल केंद्र सरकार के नए श्रम सुधारों का एक अहम हिस्सा है. सरकार ने 29 पुराने श्रम कानूनों को समाहित कर चार नए लेबर कोड तैयार किए हैं. इनमें से कोड ऑन सोशल सिक्योरिटी 2020 के तहत सामाजिक सुरक्षा के दायरे को व्यापक बनाया गया है. अब इस योजना का लाभ केवल संगठित क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा. असंगठित क्षेत्र, ऐप-आधारित काम करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स और प्लेटफॉर्म वर्कर्स भी इसके दायरे में आएंगे.
क्या होंगी सुविधाएं?
40 साल से ऊपर के सभी पात्र कामगारों का ESIC अस्पतालों और उनके नेटवर्क के माध्यम से हर साल फ्री चेकअप होगा. साथ ही केमिकल, जहरीले पदार्थों या भारी मशीनों के बीच काम करने वाले कामगारों के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होगी. उनके लिए हेल्थ चेकअप अनिवार्य कर दिया गया है. सभी कामगारों के स्वास्थ्य का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से रखा जाएगा, ताकि लंबी अवधि में उनकी सेहत की निगरानी की जा सके. इस पहल का मुख्य उद्देश्य बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाना और इलाज को सुलभ बनाना है.
यह भी पढ़ें: क्या रिचार्ज कैंसल हो सकता है? जानें गलत नंबर पर मोबाइल रिचार्ज हो जाए तो क्या करें














