Delhi Traffic Police Advisory: अगर आप आने वाले दिनों में साउथ दिल्ली की ओर से ट्रैवल करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है. दरअसल, मार्च के आखिरी हफ्ते में आपको ट्रैफिक की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने संगम विहार इलाके में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. दरअसल, एच‑ब्लॉक स्थित शिव मंदिर से करणी सिंह शूटिंग रेंज तक एप्रोच रोड और साइड ड्रेन बनाने का काम चल रहा है. यह प्रोजेक्ट Irrigation & Flood Control Department द्वारा किया जा रहा है. इस निर्माण कार्य के कारण आसपास के रास्तों पर ट्रैफिक मूवमेंट प्रभावित होने की संभावना है. ऐसे में साउथ दिल्ली से गुजरने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 7 दिन का ट्रैफिक अलर्ट: फिल्म फेस्टिवल के चलते कई रास्तों पर होगा असर, बाहर निकलने से पहले पढ़ लें ये जरूरी जानकारी
कौन से रास्ते रहेंगे प्रभावित?
निर्माण कार्य के चलते कुछ प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने वाला है. इनमें एमबी रोड (फरीदाबाद की ओर), करणी सिंह शूटिंग रेंज को जाने वाली सड़क और पुल प्रह्लादपुर रोड (फरीदाबाद की ओर) शामिल हैं. ये सभी सड़कें रोजाना आने‑जाने वाले यात्रियों के लिए अहम रास्ते हैं. ऐसे में यहां खासतौर पर पीक आवर्स के दौरान जाम की स्थिति बन सकती है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
ये सड़क रहेगी बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार करणी सिंह शूटिंग रेंज को जाने वाली सड़क पूरी तरह से 25 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक बंद रहेगी. इस दौरान इस मार्ग पर किसी भी तरह के वाहन के आवागमन की अनुमति नहीं होगी, जिससे यात्रियों को दूसरे रास्तों का उपयोग करना होगा.
यहां रहेगा रूट डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार एमबी रोड पर करणी सिंह शूटिंग रेंज के पास रेड लाइट और करणी सिंह शूटिंग रेंज के मेन गेट के पास ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पुल प्रह्लादपुर रोड से सूरजकुंड इलाके की ओर जाने वाले रास्तों और अन्य जुड़े हुए मार्गों का इस्तेमाल करें.
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे साइन बोर्ड और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके. साथ ही किसी भी सहायता के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं।













