Traffic Advisory: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने नई रोहतक रोड को लेकर अहम एडवाइजरी जारी की है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड द्वारा देव नगर से नई रोहतक रोड होते हुए ईदगाह के पास JB-4 तक 220 KV की भूमिगत केबल बिछाने का काम चल रहा है. इस वजह से लिबर्टी सिनेमा से कमल टी-पॉइंट की ओर जाने वाले रास्ते के अलग-अलग हिस्सों में सड़क काटने का काम किया जा रहा है. यात्रियों की सुरक्षा के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं, जिसके कारण इस रास्ते पर ट्रैफिक के सुचारू प्रवाह पर असर पड़ रहा है. यह काम 17 मई तक जारी रहेगा. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वह इन रास्ते पर आने-जाने से बचें.
17 मई तक नई रोहतक रोड पर लग सकता है जाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यह जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की है. एडवाइजरी के अनुसार, 17 मई नई रोहतक रोड पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कमल टी-पॉइंट की ओर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम 5 बजे से 9 बजे तक यानी पीक आवर्स में नई रोहतक रोड का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि काम के चलते यहां भारी जाम का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में सड़क का इस्तेमाल करने वालों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें. वाहन चालकों से अनुरोध है कि वे धैर्य बनाए रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुचारू अनुभव के लिए ट्रैफिक कर्मियों के साथ सहयोग करें. मुख्य चौराहों पर तैनात पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
यह भी पढ़ें:- अगर कोई घर के आगे गाड़ी खड़ी करता है, तो आपके अधिकार क्या हैं? सुप्रीम कोर्ट के वकील से जानिए
वैकल्पिक रास्ते- यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा के लिए देश बंधु गुप्ता रोड को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर इस्तेमाल करें.
आम जनता से अपील- ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और ट्रैफिक संकेतों का ध्यान रखें.














