Delhi News: दिल्ली में सफर करने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है. खासकर अगर आप उत्तम नगर, नवादा, द्वारका मोड़ या आसपास के इलाकों में आते-जाते हैं, तो यह खबर आपके काम की है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर बताया है कि नवादा मेट्रो स्टेशन के पास जरूरी सड़क और सीवर लाइन मरम्मत का काम किया जाएगा. इस काम की वजह से आने वाले करीब 45 दिनों तक आसपास के रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. ऐसे में लोगों को सफर से पहले अपना रास्ता तय करके निकलने की सलाह दी गई है.
क्यों बंद हो रहा है रास्ता?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 21 मई को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट शेयर कर बताया है कि नवादा मेट्रो स्टेशन के नीचे सीवर लाइन बैठ गई है. इसे ठीक करने का काम किया जाएगा. इसके लिए सड़क काटने का काम जरूरी है. इस काम के दौरान सड़क के एक हिस्से को बंद रखना पड़ेगा, ताकि काम सुरक्षित और सही तरीके से पूरा किया जा सके.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नजफगढ़-उत्तम नगर मेन रोड पर द्वारका मोड़ से उत्तम नगर जाने वाली तरफ का रास्ता बंद रहेगा. यह बंदी नवादा मेट्रो स्टेशन के पास पिलर नंबर 722 से 723 के बीच रहेगी. आज यानी 21 मई की रात 10 बजे से रास्ता बंद हो जाएगा और लगभग 45 दिनों तक बंद रहेगा. ऐसे में इस दौरान रोजाना ऑफिस जाने वाले लोग, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, लोकल यात्रियों और व्यापारिक वाहनों को ज्यादा परेशानी हो सकती है. ट्रैफिक बढ़ने की वजह से सफर में सामान्य दिनों से ज्यादा समय लग सकता है.
भारी वाहनों के लिए डायवर्जनदिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कमर्शियल वाहन, बस और भारी वाहनों के लिए अलग रूट बताया है. उत्तम नगर की तरफ जाने वाले बड़े वाहनों को द्वारका मोड़ से डाबड़ी मोड़ की तरफ जाने की सलाह दी गई है.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कहा है कि प्रभावित रास्ते से बचें और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें. यात्रा के दौरान धैर्य रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों को मानें.
अगर किसी को ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी चाहिए, तो दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेबसाइट, व्हाट्सऐप और हेल्पलाइन नंबर की मदद ली जा सकती है.
- वेबसाइट: traffic.delhipolice.gov.in
- व्हाट्सऐप नंबर: 8750871493
- हेल्पलाइन: 1095 / 011-25844444














