Delhi E-Rickshaw Registration: राजधानी दिल्ली के ई-रिक्शा चालकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. 5 महीने बाद एक बार फिर से नए ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन का पोर्टल शुरू होने जा रहा है. 15 मई से दिल्ली में नए ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा. बता दें कि पिछले पांच महीनों से दिल्ली में ई-रिक्शा का पंजीकरण निलंबित था, क्योंकि परिवहन विभाग इन वाहनों की बढ़ती संख्या को नियमित करने के तरीकों पर काम कर रहा था. रजिस्ट्रेशन के लिए ई-रिक्शा चालकों को कुछ बातों का विशेष ध्यान भी रखना होगा. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
यह भी पढ़ें: इंडिगो ने लॉन्च की Great Connections सेल, अब हफाई सफर करना होगा सस्ता, घरेलू-इंटरनेशनल फ्लाइट पर मिलेगी इतनी छूट
एक DL पर रजिस्टर होगा 1 ई-रिक्शा
परिवहन विभाग के मुताबिक अब एक ड्राइविंग लाइसेंस पर सिर्फ एक ही ई‑रिक्शा का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा. पहले एक लाइसेंस धारक के नाम पर एक से ज्यादा ई‑रिक्शा रजिस्टर हो जाते थे. बता दें कि इस नए फैसले से अवैध वाहनों को सड़कों से हटाने में मदद मिलेगी और नियमों के उल्लंघन को कम किया जा सकेगा.
DL के साथ जरूरी होगा ये सर्टिफिकेट
परिवहन निगम के अनुसार दिल्ली में अब ई‑रिक्शा का पंजीकरण कराने वाले लोगों को दो हफ्ते की ट्रेनिंग लेना जरूरी होगा. एप्लिकेंट को पहले यह ट्रेंनिंग पूरी करनी होगी और DL के साथ उसका सर्टिफिकेट जमा करने के बाद ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ई‑रिक्शा नीति भी होगी तैयार
परिवहन निगम ने इस साल अप्रैल में अपना पुराना आदेश भी वापस ले लिया, जिसमें कंपनियों को अपने नाम पर एक से ज्यादा इलेक्ट्रिक कार्ट और ई‑रिक्शा रजिस्टर करने की अनुमति दी गई थी. यह फैसला सड़कों पर तेजी से बढ़ रहे ई‑रिक्शा की संख्या पर कंट्रोल रखने के लिए लिया गया है. आने वाले समय में परिवहन विभाग नियमित कार्रवाई के जरिए ई‑रिक्शा पर और सख्ती करेगा. साथ ही इन वाहनों के बेहतर नियंत्रण के लिए एक नई ई‑रिक्शा नीति भी तैयार की जा रही है.
यह भी पढ़ें: वॉशिंग मशीन लेने जा रहे हैं तो हर खरीदार जरूर चेक कर लें ये 5 चीजें, फिर हमेशा रहेगा फायदे का सौदा














