Delhi Airport Family@DEL Intiative: भारत के सबसे बिजी एयरपोर्ट ने परिवारों के लिए हवाई यात्रा को आसान और आरामदायक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL), जिसे GMR Aero संचालित करता है, ने Family@DEL नाम से एक खास पहल शुरू की है. यह सुविधा 5 फरवरी 2026 से लागू हो चुकी है और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 1, 2 और 3 पर डॉमेस्टिक फ्लाइट के यात्रियों के लिए उपलब्ध है. इस पहल के तहत बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों, बुजुर्ग यात्रियों का सफर ज्यादा आरामदायक हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: Holi Special Train: होली पर घर जाना हुआ आसान! भारतीय रेलवे ने की तगड़ी तैयारी, चलेंगी 1410 स्पेशल ट्रेनें, जानिए जरूरी बातें
परिवार के लिए चेक‑इन प्रोसेस होगा आसान
नई पहल के तहत परिवारों के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचते ही अलग और आसान व्यवस्था की गई है. परिवार अब खास एंट्री गेट से अंदर जा सकते हैं, जिससे भीड़ कम होगी और इंतजार भी कम करना पड़ेगा. अंदर पहुंचने के बाद, बेबीज, छोटे बच्चों, बुजुर्गों या अतिरिक्त मदद की जरूरत वाले यात्रियों के लिए अलग फैमिली चेक‑इन काउंटर बनाए गए हैं, जो सामान्य लाइनों से अलग हैं. इससे परिवार जल्दी और आराम से चेक‑इन प्रोसेस कर सकेगा.
प्रायोरिटी सिक्योरिटी लेन की शुरुआत
चेक‑इन के बाद एयरपोर्ट ने लंबी सेक्योरिटी लाइन से बचने के लिए परिवारों के लिए अलग से प्रायोरिटी सिक्योरिटी लेन शुरू की हैं. इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर बग्गी की सेवा भी उपलब्ध है, जिससे माता‑पिता, बुजुर्ग यात्री या छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले लोग आसानी से चेक‑इन एरिया से लेकर टर्मिनल के अंदर होते हुए सीधे अपने बोर्डिंग गेट तक पहुंच सकें.
फूड कोर्ट में अलग से बैठने की सुविधा
Family@DEL पहल के तहत एयरपोर्ट पर परिवारों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है. तीनों टर्मिनलों के फूड कोर्ट में परिवारों के लिए अलग बैठने की जगह बनाई गई है, जहां बच्चों के लिए खाने के कई तरह के ऑप्शन्स हैं. इसके अलावा छोटे बच्चों के लिए मुफ्त बेबी स्ट्रोलर दिए जाते हैं और बेबी केयर रूम भी बनाए गए हैं, जहां दूध पिलाने और डायपर बदलने की सुविधा है.
इस पहल के तहत बुजुर्ग यात्रियों और चलने‑फिरने में परेशानी वाले लोगों के लिए भी खास सुविधाएं दी गई हैं. एयरपोर्ट पर उनके लिए शौचालय और अन्य सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि परिवार के हर सदस्य को एयरपोर्ट पर आरामदायक और आसान अनुभव मिल सके.














