DDA के लग्जरी फ्लैट्स को नहीं मिल रहे खरीदार, तीसरी बार बढ़ी बुकिंग की तारीख, जानिए कीमत और आवेदन का पूरा तरीका

DDA Towering Heights कड़कड़डूमा में बनाया गया एक नया हाउसिंग प्रोजेक्ट है. इस योजना में लोगों को 2 BHK फ्लैट दिए जा रहे हैं. आइए जानते हैं क्या है यह पूरी योजना और कितनी है फ्लैट्स की कीमत-

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
दिल्ली में घर खरीदने का मौका: DDA ने फिर बढ़ाई फ्लैट बुकिंग की तारीख
(P.C- NDTV)

अगर आपका सपना है कि दिल्ली में आपका भी अपना एक घर हो, तो ये खबर आपके लिए काम की साबित हो सकती है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ईस्ट दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित अपने प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट DDA Towering Heights के फ्लैट्स की बुकिंग की आखिरी तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है. वजह यह है कि महंगे होने के कारण इन फ्लैट्स को अब तक उम्मीद के मुताबिक खरीदार नहीं मिल पाए हैं. अब इच्छुक लोग 30 जून तक इन फ्लैट्स की बुकिंग कर सकते हैं. पहले इसकी आखिरी तारीख 31 मार्च थी. बाद में इसे 31 मई तक बढ़ाया गया और अब लोगों को फैसला लेने के लिए एक और महीने का समय दिया गया है.

क्या है यह पूरी योजना?

DDA ने जनवरी में कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम 2026 के तहत इन फ्लैट्स की बिक्री शुरू की थी. यह योजना 'पहले आओ, पहले पाओ' (First Come, First Serve) के आधार पर चलाई जा रही है. इससे पहले दिसंबर 2025 में इन फ्लैट्स की ई-नीलामी भी हुई थी. उस समय 1026 फ्लैट्स बिक्री के लिए रखे गए थे, लेकिन सिर्फ 178 फ्लैट्स ही बिक पाए थे. इसके बाद DDA ने नया बुकिंग प्रोसेस शुरू किया.

कितनी है फ्लैट्स की कीमत?

इस प्रोजेक्ट में कुल 848 दो बेडरूम (2 BHK) फ्लैट्स उपलब्ध हैं. इनका साइज 140 से 195 वर्ग मीटर के बीच है. फ्लैट्स की कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपये से 2.40 करोड़ रुपये तक है. इनमें से 741 फ्लैट आम लोगों के लिए हैं, जबकि 107 फ्लैट सरकारी संस्थानों को एक साथ आवंटित करने के लिए रखे गए हैं.

लोगों को आकर्षित करने के लिए DDA पहले ही पार्किंग चार्ज माफ कर चुका है. इससे फ्लैट्स की कीमत में करीब 5 लाख से 12 लाख रुपये तक की राहत मिली है.

Advertisement
क्या हैं इस प्रोजेक्ट की खासियतें?

DDA Towering Heights, कड़कड़डूमा में बनाया गया एक नया हाउसिंग प्रोजेक्ट है. सबसे बड़ी बात यह है कि ये Ready-to-Allot फ्लैट्स हैं, यानी फ्लैट पहले से तैयार हैं और अलॉटमेंट के बाद आगे की प्रक्रिया जल्दी पूरी हो सकती है. यह दिल्ली का पहला ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) प्रोजेक्ट भी है. करीब 30 हेक्टेयर में फैले इस प्रोजेक्ट को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है.

यहां दिल्ली की सबसे ऊंची रिहायशी इमारत बनेगी, जो 48 मंजिला और 155 मीटर ऊंची होगी. इसके अलावा यहां रहने वालों के लिए 20,000 वर्ग मीटर का ग्रीन एरिया, जॉगिंग ट्रैक, ओपन जिम, क्रिकेट ग्राउंड, बैडमिंटन कोर्ट और खूबसूरत खुले मैदान भी होंगे.

Advertisement
लोकेशन और कनेक्टिविटी कैसी है?

यह प्रोजेक्ट कड़कड़डूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल पास है. यहां से ब्लू लाइन और पिंक लाइन दोनों की सुविधा मिलती है. इसके अलावा NH-9, NH-24, आनंद विहार रेलवे स्टेशन और ISBT भी यहां से आसानी से पहुंच में हैं. यानी रोजाना सफर करने वालों के लिए यह लोकेशन काफी सुविधाजनक मानी जा सकती है.

घर खरीदने से पहले किन बातों का ध्यान रखें?

अगर आप यहां फ्लैट खरीदने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले अपना बजट, होम लोन की क्षमता और भविष्य की आर्थिक जरूरतों का आकलन जरूर करें. प्रोजेक्ट में सुविधाएं और कनेक्टिविटी अच्छी है, लेकिन इसकी कीमत काफी ज्यादा है. इसलिए जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय सभी पहलुओं को समझना जरूरी है.

आवेदन कैसे करें?

अगर आप इस योजना का फायदा उठाना चाहते हैं, तो DDA की ऑफिशियल वेबसाइट (https://eservices.dda.org.in) पर जाकर आवेदन और बुकिंग प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

Advertisement

फिलहाल, DDA को उम्मीद है कि बढ़ी हुई समय-सीमा के बाद इन फ्लैट्स को खरीदार मिल जाएंगे. वहीं, जिन लोगों का बजट अनुमति देता है, उनके लिए भी यह दिल्ली में प्रीमियम लोकेशन पर घर खरीदने का एक अच्छा मौका साबित हो सकता है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बसों से सफर करने वालों के लिए बड़ी सौगात! DTC बेड़े में शामिल होंगी 2,800 इलेक्ट्रिक बसें, लास्ट माइल कनेक्टिविटी होगी बेहतर

Advertisement
Featured Video Of The Day
सरकार के 12 साल, पीएम मोदी के सम्मान में कैबिनेट ने खड़े होकर बजाई ताली, प्रधानमंत्री ने जोड़े हाथ
Topics mentioned in this article
DDA
Utility News