Bengaluru Metro Fare Price Hikes: अगर आप बेंगलुरु मेट्रो से रोजाना सफर करते हैं तो, 9 फरवरी से आपकी जेब पर बोझ बढ़ने वाला है. बैंगलोर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMRCL) ने सालाना किराया बढ़ाने का ऐलान किया है. बता दें, कि नम्मा मेट्रो (Namma Metro) से सफर करने वाले यात्रियों को 9 फरवरी 2026 से ज्यादा किराया देना होगा. नई दरों के तहत यात्रा की दूरी के हिसाब से टिकट के दाम 1 रुपये से लेकर 5 रुपये तक बढ़ेंगे.
यह भी पढ़ें: Holi Special Train: होली पर घर जाना हुआ आसान! भारतीय रेलवे ने की तगड़ी तैयारी, चलेंगी 1410 स्पेशल ट्रेनें, जानिए जरूरी बातें
क्यों बढ़ाया जा रहा है किराया?
किराए में यह बढ़ोतरी फर्स्ट फेयर फिक्सेशन कमेटी (FFC) की सिफारिशों के बाद की जा रही है. समिति ने सुझाव दिया था कि किराए में हर साल छोटी‑छोटी बढ़ोतरी की जाए, ताकि एक साथ बहुत ज्यादा बढ़ोतरी न करनी पड़े. BMRCL का कहना है कि इस व्यवस्था से किराया धीरे‑धीरे बढ़ता है, जिससे यात्रियों पर अचानक बोझ नहीं पड़ता और मेट्रो यात्रा ज्यादा आसान और अनुमानित बनी रहती है. BMRCL ने अपने बयान में कहा, 'FFC की अनिवार्य सिफारिशों के अनुसार 9 फरवरी 2026 से सालाना ऑटोमैटिक किराया संशोधन लागू होगा. यह पिछली किराया बढ़ोतरी, जो 9 फरवरी 2025 को हुई थी, के एक साल बाद किया जा रहा है.'
कितना होगा किराया?
96.10 किलोमीटर के नम्मा मेट्रो (Namma Metro) नेटवर्क, को 10 किराया जोन में बांटा गया है. नए बदलाव के तहत सभी जोन में किराए में हल्की बढ़ोतरी की जाएगी. आइए जानते हैं किराया कितने से बढ़ाकर कितना किया गया है.
- 2 किलोमीटर तक: 10 रुपये से 11 रुपये
- 2-4 किमी: 20 रुपये से 21 रुपये
- 6-8 किमी: 40 रुपये से 42 रुपये
- 8-10 किमी: 50 रुपये से 53 रुपये
- 10-15 किमी: 60 रुपये से 63 रुपये
- 15-20 किमी: 70 रुपये से 74 रुपये
- 20-25 किमी: 80 रुपये से 84 रुपये
- 25-30 किमी और उससे अधिक: 90 रुपये से 95 रुपये
टूरिस्ट कार्ड और ग्रुप टिकट की भी बढ़ेगी कीमत
मेट्रो प्रशासन ने बताया है कि टूरिस्ट कार्ड और ग्रुप टिकट पर भी 5 प्रतिशत तक किराया बढ़ाया जाएगा. टूरिस्ट डे पास के लिए एक दिन का स्मार्ट कार्ड पास ₹300 से बढ़कर ₹313 हो जाएगा, जबकि मोबाइल QR टिकट ₹250 से ₹263 का होगा. इसी तरह तीन दिन का पास स्मार्ट कार्ड पर ₹600 से ₹628 और मोबाइल QR पर ₹550 से ₹578 हो जाएगा. वहीं, पांच दिन के पास की कीमत स्मार्ट कार्ड के लिए ₹900 से बढ़कर ₹943 और मोबाइल QR के लिए ₹850 से बढ़कर ₹893 हो जाएगी.













