ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज किए गए नितेश तिवारी की फिल्म रामायण के ट्रेलर ने आते ही इंटरनेट पर धूम मचा दी है. 30 जुलाई 2026 को सुबह 4:15 बजे जारी किए गए इस ट्रेलर को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है. शानदार विजुअल्स, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और स्टार कास्ट की झलक ने फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है. ट्रेलर में भगवान राम से लेकर रावण तक कई अहम किरदारों की झलक दिखाई गई है, लेकिन कुछ सेकेंड के एक सीन ने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार उस सीन की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि ट्रेलर में भगवान विष्णु के रूप में नजर आने वाला चेहरा टीवी अभिनेता सौरभ राज जैन का है. हालांकि इस बात की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर फैंस के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.
क्या भगवान विष्णु के रोल में हैं सौरभ राज जैन?
ट्रेलर में भगवान विष्णु की एक छोटी सी झलक देखने को मिली, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सौरभ राज जैन का नाम ट्रेंड करने लगा. कई दर्शकों का मानना है कि स्क्रीन पर दिखाई देने वाले भगवान विष्णु वही हैं. यूजर्स का कहना है कि सौरभ का चेहरा, उनकी शांत अभिव्यक्ति और दिव्य व्यक्तित्व इस किरदार से पूरी तरह मेल खाता है. यही वजह है कि लोग उन्हें इस भूमिका के लिए एक बेहतरीन पसंद बता रहे हैं. हालांकि, फिल्म की टीम या खुद सौरभ राज जैन की ओर से अभी तक इस कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में फिलहाल इसे सिर्फ फैंस का अनुमान ही माना जा रहा है.
पौराणिक किरदारों से रहा है खास नाता
अगर फैंस सौरभ राज जैन को भगवान विष्णु के रूप में देखने की उम्मीद जता रहे हैं तो इसके पीछे उनकी पुरानी छवि भी बड़ी वजह है. सौरभ इससे पहले साल 2013 में प्रसारित हुए लोकप्रिय टीवी धारावाहिक महाभारत में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बना चुके हैं. उनकी सादगी भरी अभिनय शैली और पौराणिक भूमिकाओं में प्रभावशाली प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. यही कारण है कि रामायण के ट्रेलर में दिखाई गई एक झलक ने लोगों को उनकी याद दिला दी.

फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दूबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं. बड़े बजट में तैयार हो रही इस फिल्म में अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया है, जबकि संगीत की जिम्मेदारी विश्व प्रसिद्ध संगीतकार हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है. ऐसे में रामायण को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं