दूरदर्शन की रामायण का हर कोई फैन है, जिसे रामानंद सागर ने 39 साल पहले बनाया था. शो में राम के किरदार में अरुण गोविल, सीता के रोल में दीपिका चिखलिया, रावण के रोल में अरविंद त्रिवेदी और लक्ष्मण के रोल में सुनील लहरी ने फैंस के दिलों में ऐसी जगह बनाई की कोई भुला नहीं पाया. लेकिन क्या आपको पता है कि लक्ष्मण यानी सुनील लहरी से पहले किसी और एक्टर से इस किरदार के लिए शूटिंग करवाई गई थी. दरअसल, वो एक्टर और कोई नहीं राजा बुंदेला हैं. बॉलीवुड एक्टर और राजनेता राजा बुंदेला किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने बॉलीवुड में कई हिट फिल्मों में काम किया है. जिसमें गोविंदा के साथ 'शोला और शबनम' के अलावा नाना पाटेकर के साथ 'अंकुश' का भी नाम शामिल है. राजा बुंदेला, माधुरी दीक्षित के साथ दो फिल्मों में नजर आए चुके हैं. जिसमें सबसे पहले नाम स्वाति का लिया जाता है. राजा बुंदेला ने छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर देर तक अपनी एक अलग ही धमक जमाई है. राजा बुंदेला हर साल खजुराहो में 'खजुराहो फिल्म फेस्टिवल' का आयोजन करते हैं. जिसमें बॉलीवुड की बड़ी हस्तियां शिरकत करती हैं. बीते दिनों इस फेस्टिवल में अनुपम खेर से लेकर शेखर कपूर और तनुजा जैसी एक्टर्स आ चुके हैं. इस साल भी इस फेस्टिवल का आयोजन बड़े जोश के साथ होना जा रहा है. हाल ही में राजा बुंदेला ने एनडीटीवी से बात करते हुए काफी पहलुओं पर अपनी राय रखी और बताया कि वह रामायण में लक्ष्मण के रोल के लिए एक दिन की शूटिंग कर चुके थे.
लक्ष्मण बने थे एक्टर
जब राजा बुंदेला से पूछा गया कि सूत्र के अनुसार खबर है कि रामानंद सागर की रामायण में आपको पहले लक्ष्मण के किरदार के लिए चुना गया था, क्या यह सच है? इस बात पर एक्टर ने कहा कि जी हां यह बिल्कुल सच बात है. मुझे रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण का किरदार ऑफर हुआ था. लेकिन एक दिन की शूटिंग होने के बाद मैंने यह शो छोड़ दिया था. क्योंकि पहले धार्मिक सीरियल और फिल्मों के प्रति लोगों की आस्था नहीं थी. इस शो को नहीं करना, उसको मैं अपना दुर्भाग्य मानता हूं. मैं यहां शो नहीं कर पाया क्योंकि मैं यह सोच कर बैठा था कि कौन शूटिंग के वक़्त गांव में जाएगा, कौन महीनों वहां रहकर शूटिंग करेगा. विष्णु मल्होत्रा जी चिंतामणि सूरदास एक फिल्म लिख रहे थे.

आगे उन्होंने कहा, वह मुझे रामानंद सागर के पास लेकर गए. रामानंद सागर ने मुझसे प्यार से बात की और मुझे इस सीरियल करने को लेकर कहा था, लेकिन उस वक्त मेरी बुद्धि ने काम नहीं किया. मेरा यह भी मानना है कि जो आपकी किस्मत है, वो आपका मिलता है और जो किस्मत में नहीं है, वो नहीं मिलता. मेरा यह भी सोचना है कि अगर मैं लक्ष्मण का किरदार कर रहा होता तो मैं खजुराहो फिल्म फेस्टिवल और दूसरे जो सामाजिक काम हैं, वो नहीं कर पाता.
दिसंबर में हो रहा फेस्टिवल
एक्टर राजा बुंदेला ने आगे बताया कि खजुराहो फिल्म फेस्टिवल ने 11 साल पूरे कर लिए हैं. इस साल हम खजुराहो फिल्म फेस्टिवल को बहुत ही भव्य तरीके से करने जा रहे हैं. फेस्टिवल 16 दिसंबर से 22 दिसंबर तक खजुराहो में आयोजित होगा. जिसमें देश-विदेश की फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी. इसके अलावा बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के आने की भी उम्मीद जताई जा रही है. जिसमें सबसे पहले नाम संजय दत्त का आता है. इसके अलावा हेमा मालिनी के भी आने की संभावनाएं हैं. बॉलीवुड के और बड़े दिग्गज भी इस फेस्टिवल में शामिल होंगे. हम इस फेस्टिवल में ए.आई टेक्नोलॉजी को भी महत्व दे रहे हैं. फेस्टिवल में इस विषय पर भी विचार विमर्श होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं