बिग बॉस 20 के लेटेस्ट एपिसोड को देख माही विज के एक्स हस्बैंड और एक्टर जय भानुशाली आग बबूला होते हुए नजर आए. दरअसल, माही विज के सपोर्ट में बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट की हरकत को लेकर जय भानुशाली ने गुस्सा तब जाहिर किया जब एक टास्क के दौरान उनकी बेटी तारा का नाम लिया गया. इसी पर गुस्सा जाहिर करते हुए एक्टर ने अपने बच्चों की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसमें उन्होंने कहा कि वह अब अपने बच्चों को बिग बॉस कभी नहीं देखने देंगे.इस पोस्ट पर गौहर खान और आरती सिंह जैसे सितारों ने सपोर्ट किया है और शो में तारा का नाम लिए जाने पर कड़ी आलोचना की है.
जय भानुशाली की बिग बॉस कंटेस्टेंट पर भड़का गुस्सा
जय भानुशाली ने कुछ घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कैप्शन में लिखा, बिग बॉस में सब कुछ देखने के बाद, एक पिता के तौर पर मैंने यह फैसला लिया है कि मैं अब अपने बच्चों को बिग बॉस नहीं देखने दूंगा. मैंने तय किया था कि मैं किसी के गेमप्ले के बारे में बात नहीं करूंगा और न ही किसी कंटेस्टेंट के बारे में अपनी कोई राय दूंगा. बस जहां भी जरूरत होगी, मैं माही को सपोर्ट करूंगा.
आगे उन्होंने लिखा, "सिर्फ एक टास्क के लिए यंग डीएसए (Yung DSA) का यह कहना कि मेरे बच्चे बड़े होकर अपनी मां के कामों पर शर्मिंदा होंगे. कनिका का यह कहना कि वह माही के बच्चों से कभी नहीं मिलना चाहेगी और लव गिल की मां का मेरी बेटी को इस बातचीत में घसीटना और यह पूछना कि अगर कोई उनकी बेटी के बारे में ऐसा ही कुछ कहे तो उन्हें कैसा लगेगा. यह सब बहुत गलत है. तारा अभी सिर्फ 7 साल की बच्ची है. वह बिग बॉस की कंटेस्टेंट नहीं है. किसी को नीचा दिखाने के लिए एक बच्चे का इस्तेमाल करना बिल्कुल बकवास है. बिग बॉस एक गेम है. माही से असहमत हो. उसके गेमप्ले पर सवाल है और उसके फैसलों को चैलेंज करना चाहते हो. लेकिन उसके बच्चों को घसीटना, मदरहुड और पर्सनल लाइफ को लेकर एक मर्यादा क्रॉस करना."
जय भानुशाली ने लिखा, "एक पिता के रूप में मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चे इस सदमे के साथ बड़े हों कि माही को नीचा दिखाने के लिए हर वाक्य में तारा के नाम का इस्तेमाल किया जाता है. यह गेम भले ही सबके लिए एंटरटेनमेंट हो. लेकिन हमारे लिए यह एक निजी मामला है. मेरे बच्चों की शांति और मासूमियत हमेशा सबसे पहले है. धन्यवाद. अलविदा बिग बॉस 20."
माही विज के टास्क में क्या हुआ
बिग बॉस 20 के लेटेस्ट एपिसोड में एक टास्क हुआ था, जिसमें टॉर्चर करते हुए कंटेस्टेंट के इमोशनल बाहर निकालने थे. लेकिन इस दौरान यंग डीएसए, लव गिल और कनिका मान ने माही विज की बेटी तारा का नाम लिया और कई बातें कहीं, जिस पर एक्टर ने गुस्सा जाहिर किया है.
ये भी पढ़ें- उदित नारायण का मैथिली छठ गीत, मनोरमा झा और अजीत झा के साथ चउमुख दियरि का बताया महत्व, 2025 में खूब हुआ पॉपुलर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं