अभिनेत्री कांची कौल ने रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' के साथ करीब एक दशक बाद टीवी पर वापसी की है. कांची इस नई शुरुआत को लेकर काफी उत्साहित हैं. टीवी पर वापसी के बारे में बात करते हुए कांची ने कहा कि बीते कुछ सालों में जिंदगी को देखने का उनका नजरिया काफी बदल गया है. अब वह पुराने दौर में लौटने के बजाय अपने अनुभवों के साथ एक नई शुरुआत करना चाहती हैं. आईएएनएस के मुताबिक कांची ने कहा, मेरा मानना है कि आप जहां पहले थे, वहां लौटने और आज जो इंसान बन चुके हैं, उसके रूप में आगे बढ़ने के बीच फर्क होता है. मैं अपने पुराने दौर को दोबारा जीने के लिए वापस नहीं आई हूं बल्कि एक नए अनुभव का हिस्सा बनने आई हूं. पिछले एक दशक ने काम, महत्वाकांक्षाओं और जिंदगी को लेकर मेरा नजरिया कई तरह से बदला है और मैं इन बदलावों को काफी अहम मानती हूं.
उन्होंने कहा, पति, पत्नी और पंगा के जरिए मुझे दर्शकों से एक नए अंदाज में जुड़ने का मौका मिल रहा है और यह मेरे लिए काफी रोमांचक है. जिंदगी के इस पड़ाव पर मैं अपने सफर का आनंद लेना चाहती हूं, अपनी सहज सोच पर भरोसा करना चाहती हूं और ऐसे काम चुनना चाहती हूं जो वास्तव में मेरे दिल के करीब हों. करीब 10 साल तक टीवी से दूर रहने के बाद कांची ने 'पति, पत्नी और पंगा' के साथ छोटे पर्दे पर वापसी की है. इस शो में वह अपने पति और अभिनेता शब्बीर अहलूवालिया के साथ नजर आ रही हैं. दोनों की जोड़ी को एक बार फिर साथ देखना उनके फैंस के लिए खास है.
शो के नए सीजन को सोनाली बेंद्रे बहल और मुनव्वर फारूकी होस्ट कर रहे हैं. इसमें शादीशुदा जिंदगी के रोजमर्रा के अनुभवों को मनोरंजक अंदाज में दिखाया जा रहा है. शो में शामिल कपल्स को कई मजेदार और अप्रत्याशित चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इस सीजन में राहुल वैद्य और दिशा परमार, अर्जुन बिजलानी और नेहा स्वामी बिजलानी, शब्बीर अहलूवालिया और कांची कौल, दीपिका सिंह और रोहित राज गोयल, दिव्यांका त्रिपाठी दहिया और विवेक दहिया, मनोज तिवारी और सुरभि तिवारी के साथ अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी भी हिस्सा ले रहे हैं. स्टोरी वीवर्स कलेक्टिव के प्रोडक्शन में बने इस शो का प्रीमियर 10 अक्टूबर को हुआ. 'पति पत्नी और पंगा' हर शनिवार और रविवार को जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होता है.
यह भी पढ़ें: राजपाल यादव ने नवरात्रि के मौके पर महिला सुरक्षा को लेकर कही बड़ी बात, बोले- 3 बेटियों का पिता होने के नाते...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं