- साध्वी प्रेम बाईसा की मौत की जांच के लिए पुलिस की एसआईटी टीम ने दो आईफोन और एक सैमसंग मोबाइल जब्त किए हैं
- साध्वी के पिता वीरमनाथ से मोबाइल के पासवर्ड लेने में पुलिस को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा है
- मौत वाली रात साध्वी को दाल खाने के बाद सांस लेने में दिक्कत हुई, दाल उनके पिता ने कमरे में दी थी
साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का मामला अब एक हाई-प्रोफाइल मिस्ट्री में बदल गया है. पुलिस की एसआईटी टीम की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच जारी है. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, मोबाइल के पासवर्ड और मौत से ठीक पहले खाए गए खाने को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस ने साध्वी के पास से दो आईफोन और एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया है. पुलिस को यकीन है कि इन फोन के भीतर मौत से जुड़ी सबसे बड़ी कड़ी छिपी हो सकती है. एसीपी कार्यालय में डीसीपी, एडीसीपी और SIT प्रमुख छवि शर्मा ने साध्वी के पिता वीरमनाथ से लंबी पूछताछ की. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब साध्वी के पिता से फोन के पासवर्ड मांगे गए, तो उन्होंने बार-बार जानकारी होने से इनकार कर दिया. आखिर उन फोन में ऐसा क्या है जिसे खोलने में इतनी बाधा आ रही है?
मौत वाली रात: क्या दाल में कुछ मिला था?
सेवादार सुरेश के बयानों ने इस मामले में एक नया मोड़ दे दिया है. 28 जनवरी की शाम को जो हुआ, वह अब संदेह के घेरे में है. आमतौर पर सेवादार सुरेश ही साध्वी के कमरे में खाना लेकर जाता था.
उस रात साध्वी को जुकाम था, इसलिए दाल बनी थी. लेकिन सुरेश की जगह उनके पिता वीरमनाथ खुद दाल लेकर कमरे में गए. दाल खाने के कुछ ही देर बाद साध्वी को सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी. वे चिल्लाने लगीं कि उन्हें सांस नहीं आ रही है.
FSL की एंट्री: सबूतों की तलाश
SIT की मौजूदगी में एफएसएल (FSL) टीम ने आश्रम के कमरे का दोबारा कोना-कोना छाना. रसोई से दाल बनाने में इस्तेमाल हुई सामग्री और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं. पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार, कोई भी साक्ष्य न छूटे इसलिए दोबारा मौका मुआयना किया गया है.
इन दो थ्योरी पर टिकी है पुलिस की जांच
पुलिस फिलहाल दो मुख्य संभावनाओं पर काम कर रही है. क्या मौत किसी दवा या गलत इंजेक्शन के रिएक्शन से हुई? क्या उस रात खाने में दी गई दाल में कोई जहरीला पदार्थ मिलाया गया था? मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम कर लिया है, लेकिन मौत की असली वजह विसरा एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.














