अजमेर के किशनगढ़ शहर में इन दिनों एक बेहद अजीब और चौंकाने वाली चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों को हैरानी और डर दोनों में डाल दिया है. आमतौर पर चोर जहां कीमती सामान, नकदी या गहनों को निशाना बनाते हैं, वहीं यहां एक ‘जूते चोर' ने अपने अनोखे तरीके से पुलिस और जनता दोनों को उलझन में डाल दिया है.
जूतों को ही निशाना बनाया
मामला शहर के अग्रसेन नगर जी-ब्लॉक और श्रीकरणी इन्द्र विहार क्षेत्र का है, जहां रेलवे लाइन के पास स्थित कई घरों में एक ही रात में अलग-अलग तरीके से चोरी की घटनाएं सामने आईं. चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर ने किसी भी घर से कीमती सामान को हाथ नहीं लगाया, बल्कि केवल जूतों को ही निशाना बनाया.
सुबह गायब मिलते हैं जूते
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोर घरों में घुसकर पहले जूतों को पहनकर ट्रायल करता है, जो जूते उसे पसंद आते हैं, वह उन्हें लेकर चला जाता है, जबकि बाकी जूतों को वहीं छोड़ देता है या कभी-कभी पड़ोस के घरों के बाहर छोड़ जाता है. सुबह जब लोग उठे तो कई घरों के बाहर अपने जूते गायब मिले, जबकि कुछ के दरवाजे पर अजनबी जूते पड़े हुए थे. इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
संदिग्ध व्यक्ति CCTV में कैद
इस अजीबो-गरीब वारदात ने लोगों के बीच चर्चा का विषय बनने के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ा दी है. क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों में संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद हो गई हैं, जिसमें वह रात के समय घरों के बाहर और अंदर जाते हुए दिखाई दे रहा है.
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराते हुए CCTV फुटेज भी सौंप दिए हैं. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है.
(इनपुट- सनी उमरिया)














