कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर राजस्थान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करते हुए सभी जिलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी.के. सिंह ने पुलिस अधिकारियों को यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और पड़ोसी राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.
विशेष एडवाइजरी जारी
30 जुलाई से 11 अगस्त तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है. यात्रियों से वैध पहचान पत्र साथ रखने, केवल निर्धारित कांवड़ मार्गों का उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है.
नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान हॉकी, डंडे, त्रिशूल, बेसबॉल बैट या किसी भी प्रकार के हथियार एवं नुकीली वस्तु ले जाना प्रतिबंधित रहेगा. शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर भी पूरी तरह रोक रहेगी. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ियों की पैदल या वाहन से आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. मालवाहक वाहनों में यात्रियों के परिवहन, निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज वाले डीजे और धार्मिक उन्माद फैलाने वाले गानों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर
फील्ड में तैनात पुलिस अधिकारियों को किसी भी वाहन टकराव, पार्किंग या अन्य छोटे विवाद की सूचना मिलने पर 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा 24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग कर अफवाहों और भ्रामक वीडियो पर नजर रखी जाएगी. जरूरत पड़ने पर जिला पुलिस की ओर से तत्काल तथ्यात्मक जानकारी जारी की जाएगी.
वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी
संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. छतों से निगरानी और वीडियोग्राफी कराई जाएगी. सेवा शिविरों को मुख्य सड़क से दूर लगाने, महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, एंटी-सबोटाज चेकिंग, प्रभावी नाकाबंदी और एम्बुलेंस कॉरिडोर बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं.
राजस्थान पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें.
यह भी पढ़ें: जैसलमेर-कोटा से गुजर रही मॉनसून ट्रफ लाइन, 5-6 अगस्त तक झमाझम बारिश; नया अलर्ट