Rajasthan News: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान शनिवार को राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पुष्कर पहुंचे. जहां उन्होंने जहां उन्होंने जगत पिता भगवान ब्रह्मा के ब्रह्मा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर दर्शन किए. चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर गहरा भरोसा जताते हुए कहा कि बिहार के लिए आने वाला समय विकास की नई परिभाषा लिखेगा.
संगठन विस्तार और मिशन 'यूपी-पंजाब' पर जोर
मीडिया से बातचीत के दौरान पासवान ने अपनी पार्टी की भविष्य की योजनाओं का खुलासा किया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में भी संगठन को मजबूती से खड़ा किया जा रहा है. चिराग ने बताया कि पार्टी विस्तार की इसी कड़ी में वे ईश्वर का आशीर्वाद लेने आए हैं. फिलहाल वे एनडीए में एक मजबूत सहयोगी की भूमिका में हैं और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपनी चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर रहे हैं.
ब्रह्मा मंदिर में माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की
अपने परिवार के साथ पुष्कर पहुंचे चिराग पासवान ने जगत पिता ब्रह्मा के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की. इसके पश्चात उन्होंने पवित्र सरोवर के ब्रह्म घाट पर जाकर आरती की और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की. इस दौरान मंदिर और घाट के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे. चिराग ने आम श्रद्धालुओं के बीच सहजता से दर्शन किए और स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी के बीच अपना धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया.
बिहार का स्वर्णिम भविष्य
चिराग पासवान ने अपने बयान में बिहार के विकास को केंद्र में रखा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के ये पांच साल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम युग की तरह याद किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से बिहार की तस्वीर बदलेगी और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे.
यह भी पढ़ें- 'न्याय सेतु' में जुटे देशभर के दिग्गज जज, सीएम भजनलाल ने बताया क्यों बदली समय के साथ कानून की प्राथमिकता














