Jalandhar Police Firing Case: पंजाब के जालंधर जिले में एक पुलिस कार्रवाई उस समय बड़े विवाद में बदल गई, जब वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस और उसके परिजनों के बीच टकराव हो गया. थाना मेहतपुर क्षेत्र के गांव बंगीवाल में हुए इस घटनाक्रम के दौरान चली गोली में घायल युवक लवप्रीत उर्फ लवी की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. मृतक के परिजनों ने पुलिस पर सीधे गोली मारने का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस का दावा है कि फायरिंग आत्मरक्षा में की गई. पूरे मामले की जांच अब वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चल रही है.
आरोपी को पकड़ने गांव पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, लवप्रीत उर्फ लवी एक इरादा कत्ल मामले में वांछित था. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने गांव बंगीवाल स्थित घर आया हुआ है. इसी सूचना के आधार पर थाना मेहतपुर के एसएचओ अमन सैनी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे थे.
पुलिस और परिजनों के बीच बढ़ा विवाद
पुलिस के गांव पहुंचते ही आरोपी के परिजनों और आसपास मौजूद लोगों के साथ बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया. मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति भी बन गई. पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए. इसी दौरान एक गोली लवप्रीत उर्फ लवी की टांग में लगी. घायल युवक को तुरंत नकोदर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस के बयान पर सवाल उठाए हैं. युवक के चाचा छिंदा सिंह का आरोप है कि पुलिस सिविल ड्रेस में आई थी और युवक के बाथरूम से बाहर आते ही एसएचओ के गनमैन ने पीछे से गोली चला दी. परिवार का कहना है कि युवक को जानबूझकर निशाना बनाया गया.
घटना का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में घायल युवक, रोते-बिलखते परिजन और पुलिस के साथ बहस होती दिखाई दे रही है. इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है.
पुलिस ने कहा- आत्मरक्षा में चलाई गोली
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़ उग्र हो गई थी और स्थिति नियंत्रण से बाहर जा रही थी. पुलिस ने दावा किया कि टीम पर हमला और हाथापाई होने के बाद आत्मरक्षा में फायरिंग की गई.
SSP ने दिए जांच के आदेश
जालंधर के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा है कि पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.
गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव बंगीवाल और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है. स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे.
यह भी पढ़ें : ASP बनाकर IPS आयुष जाखड़ का ट्रांसफर; शिवपुरी थार कांड में की थी कार्रवाई, प्रमोशन या पॉलिटिकल प्रेशर
यह भी पढ़ें : गंदगी, बदबू और मजबूरी के बीच जिंदगी: महासमुंद की 117 सफाई दीदियों का संघर्ष व दर्द; शहर साफ, खुद बदहाल
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: जेल में भी विवादों में गिरिबाला सिंह और बेटा समर्थ, अस्पताल वार्ड में रखने पर जांच
यह भी पढ़ें : कूनो में जन्मी मादा चीता KGP-11 घायल मिली; मुरैना में रेस्क्यू, पालपुर में इलाज जारी