- असम सीएम हिमंत सरमा ने विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी को भारी बहुमत और ऐतिहासिक जनादेश मिलने का दावा किया
- मुख्यमंत्री ने कोविड के बाद अनौपचारिक बातचीत से जनता से जुड़ने की अपनी रणनीति को राजनीतिक सफलता का कारण बताया
- सरमा ने अपनी सरकार को भ्रष्टाचार मुक्त बताया और राहुल गांधी के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है
असम में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और चुनाव प्रचार भी पूरे जोर-शोर से चल रहा है. इसी बीच मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य के चुनावी माहौल और अपनी सरकार के कामकाज को लेकर बड़ा दावा किया है. एनडीटीवी संग एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने कहा कि राज्य में इस बार ऐतिहासिक जनादेश मिलने जा रहा है और उनकी पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) को भारी बहुमत हासिल होगा. सरमा ने विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि इस बार उनकी सरकार को ऐतिहासिक जनादेश मिलने जा रहा है और गठबंधन को करीब 95 सीटें मिलेंगी.
लोगों से संवाद का मिला फायदा
असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कोविड के बाद से उन्होंने लोगों से अनौपचारिक तरीके से बातचीत शुरू की, जिसका उन्हें राजनीतिक रूप से फायदा मिला है. मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों से सीधे जुड़ने और संवाद बनाए रखने की उनकी शैली ने सकारात्मक परिणाम दिए हैं. उन्होंने कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों से मिलना चाहते हैं, क्योंकि वह जनता से जुड़े रहना चाहते हैं. पिछले 5 वर्षों में मीडिया के पास उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी एक भी खबर नहीं है.
राहुल पर क्या बोले हिमंत
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार देश की सबसे साफ‑सुथरी सरकारों में से एक है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनके खिलाफ एक भी आरोप साबित नहीं कर पाए हैं. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद को ही छोटा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी यह कहते हैं कि वह उन्हें जेल भेज देंगे, तो उन्हें जनता की और ज्यादा सहानुभूति मिलती है.
ये भी पढ़ें : 3 पासपोर्ट वाले कांग्रेस के आरोपों पर हिमंता का पलटवार, कहा- 48 घंटे में करेंगे केस, जेल जाएंगे खेड़ा
पत्नी के पासपोर्ट मामले पर क्या बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने पासपोर्ट से जुड़े एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि तीन अलग‑अलग पासपोर्ट तैयार किए गए हैं, जिनका डिजाइन और कोड आपस में मेल नहीं खाता. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में विपक्ष ने बहुत नीचे स्तर की राजनीति की है. उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कराने जा रही हैं और वह असम पुलिस से मामले को दिल्ली ट्रांसफर करने के लिए कहेंगे. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वह कांग्रेस को पूरी तरह बेनकाब करेंगे.
महात्मा गांधी भी बीफ के खिलाफ थे
उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम आए और उन्होंने यहां हुए विकास को देखा है, जबकि ओवैसी असम में राजनीतिक माहौल को परखने आए हैं. बीफ के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने भी बीफ के खिलाफ अपनी बात रखी थी और भारत पश्चिमी देशों के विकास मॉडल की नकल नहीं कर सकता.
ये भी पढ़ें ; 3 पासपोर्ट वाले कांग्रेस के आरोपों पर हिमंता का पलटवार, कहा- 48 घंटे में करेंगे केस, जेल जाएंगे खेड़ा














