- दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से युवती ने खुद को गोली मार ली थी
- गोली लगने के बाद प्रिया को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी
- आशीष का अपनी पत्नी से तलाक का मामला चल रहा था और वह पांच साल से प्रिया के साथ रिलेशनशिप में था
ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कॉन्स्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से उसकी गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार ली. बाद में इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गई. वहीं, हेड कॉन्स्टेबल को हिरासत में ले लिया गया है. बताया जा रहा है कि हेड कॉन्स्टेबल का अपनी पत्नी से तलाक का मामला चल रहा है और वह लड़की के साथ एक सोसायटी में रह रहा था. शुक्रवार रात को किसी बात को लेकर दोनों में कहा-सुनी हो गई. इसके बाद गुस्से में युवती ने खुद को गोली मार ली.
मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके की राधा स्काई गार्डन सोसायटी का है. दिल्ली पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल आशीष शुक्रवार को अपने फ्लैट पर दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था. इसी बीच किसी बात को लेकर आशीष और उसकी गर्लफ्रेंड प्रिया के बीच अनबन हो गई. इस बात पर प्रिया ने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली. आनन-फानन में युवती को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पार्टी में क्या हुआ था?
पुलिस ने बताया कि देर रात राधा स्काई गार्डन सोसायटी में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे. इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई. गोली की आवाज सुनकर सोसायटी के लोग जब यहां पहुंचे तो देखा कि एक युवती खून से लथपथ पड़ी थी. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया है लेकिन बचाया नहीं जा सका.
पुलिस के मुताबिक, आशीष का अपनी पत्नी से तलाक का मामला चल रहा है. वह 5 साल से प्रिया के साथ रिलेशनशिप में था. 5 महीने से आशीष और प्रिया राधा स्काई गार्डन में रह रहे थे. शुक्रवार को आशीष के दोस्त घर आए और पार्टी करने लगे. इसी दौरान आशीष की पत्नी का फोन आया, जिसे प्रिया ने उठा लिया. इसके बाद कुछ कहा-सुनी हुई और गुस्से में आकर उसने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली.
आशीष गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त
सेंट्रल नोएडा की एडीसीपी आरके गौतम ने बताया कि अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सोसायटी के फ्लैट को सील कर दिया. फोरेंसिक टीम जांच कर रही है. आशीष को भी गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है. दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था, इसे लेकर भी जांच की जा रही है.














