Sion Hospital Negligence Video: मुंबई के BMC संचालित सायन अस्पताल से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है. गंभीर हालत में एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया, जिसके सिर में धारदार हथियार कोयता घोंपा हुआ था. इसके बावजूद उसे तुरंत इलाज नहीं मिला और वह ट्रॉमा ICU के बाहर काफी देर तक पड़ा रहा. इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
रिज़वान शेख़ की रिपोर्ट...
ट्रॉमा ICU के बाहर दर्द से जूझता रहा घायल
बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति को सायन अस्पताल के ट्रॉमा ICU के बाहर लाया गया था. उसके सिर में कोयता फंसा हुआ था और वह बेहद नाजुक हालत में था. इसके बावजूद उसे तत्काल ICU में नहीं लिया गया. यह मंजर देखकर अस्पताल में मौजूद दूसरे मरीज और उनके परिजन हैरान रह गए.
परिजनों ने लगाया इलाज में देरी का आरोप
घायल के परिजनों का आरोप है कि इतनी गंभीर स्थिति होने के बावजूद अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों ने मरीज को तुरंत इमरजेंसी केस के तौर पर नहीं लिया. उनका कहना है कि इलाज में हुई देरी से मरीज की जान को और ज्यादा खतरा हो सकता था. परिजनों ने इसे अस्पताल की लापरवाही बताया है.
घटना से अस्पताल में मचा हड़कंप
ट्रॉमा ICU के बाहर इस हालत में मरीज को देखकर माहौल तनावपूर्ण हो गया. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. वीडियो में साफ दिख रहा है कि घायल व्यक्ति दर्द से तड़पता रहा.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा. इसके बाद घायल व्यक्ति को तुरंत ICU में भर्ती किया गया. फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश कर रही है और उसका इलाज जारी है.
हमले के कारणों पर अब भी सस्पेंस
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि घायल व्यक्ति के सिर में कोयता किसने और किन हालात में घोंपा. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में आपात इलाज की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.














