- पुणे में चार साल की बच्ची के साथ 65 वर्षीय व्यक्ति द्वारा यौन उत्पीड़न और हत्या की घटना हुई
- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को फास्ट‑ट्रैक कोर्ट में चलाने और फांसी की मांग करने का आश्वासन दिया
- घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस चौकी और हाईवे पर प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
पुणे में एक 4 साल की मासूम के साथ हैवानियत की हदें पार कर देने वाले 65 साल के शख्स की हरकत पर पूरा देश शर्मसार है. अब महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार ने भी इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए बताया कि वो इस दरिंदे के खिलाफ फांसी की मांग करेगी. मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस मामले को फास्ट‑ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा.
'राजनीति मत करिए, हम फांसी की मांग करेंगे...'
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से हुई बातचीत में बताया कि पुणे में हुई घटना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है. 4 साल की मासूम बच्ची के साथ 65 वर्षीय व्यक्ति ने यौन उत्पीड़न किया और उसकी हत्या कर दी. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.इस घटना को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है.मैं आश्वस्त करता हूं कि इस मामले को फास्ट‑ट्रैक कोर्ट में ले जाया जाएगा. मैं हाई कोर्ट से अनुरोध करूंगा कि हमें एक विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया जाए और हम अदालत में मृत्युदंड की मांग करेंगे.” मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों से भी अपील की कि वे इस घटना पर राजनीति न करें.उन्होंने कहा,“इस तरह की घटना पर राजनीति करना असंवेदनशीलता है.इससे बुरी कोई बात नहीं हो सकती.
क्या था पूरा मामला?
पुणे जिले के एक गांव में चार साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और हत्या का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है. आरोप है कि यह वारदात 65 वर्षीय व्यक्ति ने की.घटना तब सामने आई, जब बच्ची लापता हो गई और उसके परिजन उसकी तलाश में जुट गए. तलाश के दौरान सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दे रहा है. पुणे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर बच्ची को खाने का लालच देकर एक शेड में ले गया, जहां उसके साथ यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है.
घटना के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
घटना के बाद बीते रात सैकड़ों ग्रामीण पुलिस चौकी और हाईवे पर इकट्ठा हो गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. हालात को संभालने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) संदीपसिंह गिल मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वासन दिया कि मामले को फास्ट‑ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा. एसपी गिल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है. वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कथित यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी.सुप्रिया सुले ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे “अमानवीय” करार दिया और कहा कि इस तरह की घटना ने मानवता को शर्मसार किया है.
यह भी पढ़ें- 4 साल की बच्ची से दरिंदगी करने वाला सीरियल रेपिस्ट निकला, भतीजी और एक महिला को भी बनाया शिकार, पुणे में बवाल













