देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब देशहित में सोना न खरीदने की अपील की, तो सोचना मुश्किल था कि एक मध्यमवर्गीय परिवार अपनी बेटी की शादी जैसे बड़े मौके पर इसे पत्थर की लकीर मान लेगा, लेकिन महाराष्ट्र के नासिक में ऐसा हुआ है. नासिक के राजेंद्र फड़ ने अपनी बेटी प्रतिमा की शादी में PM की अपील मानी.14 मई को प्रतिमा की शादी सिन्नर के रहने वाले सौरभ बोडके से होनी है.
शादी में नहीं खरीदा सोना
घर में मेहमानों का तांता लगा है, सारी रस्में जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन इस पूरी शादी में एक चीज गायब है- नया सोना. आमतौर पर भारतीय शादियों का मतलब होता है भारी-भरकम गहने और सोने की चमक... लेकिन प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करते हुए इस परिवार ने फैसला किया है कि वो शादी के लिए एक ग्राम भी नया सोना नहीं खरीदेंगे.
दुल्हा पक्ष ने फैसले का स्वागत किया
फैसला आसान नहीं था, क्योंकि समाज और परंपराओं का दबाव हमेशा रहता है, लेकिन फड़ परिवार ने तय किया कि वो घर में रखे पुराने गहनों से ही काम चलाएंगे. दिलचस्प बात ये है कि जब ये बात दूल्हा पक्ष को बताई गई, तो उन्होंने भी बिना किसी शर्त के इस फैसले का स्वागत किया.
दुल्हन के पिता राजेंद्र फड़ ने बताया कि मोदी जी ने देश की अर्थव्यवस्था के लिए अपील की थी. अगर हम जैसे आम नागरिक साथ नहीं देंगे, तो देश कैसे आगे बढ़ेगा? मेरी बेटी भी इस फैसले में मेरे साथ है.
दुल्हन प्रतिमा फड़ ने बताया कि शादी गहनों से नहीं, रिश्तों और आदर्शों से होती है. मुझे गर्व है कि मेरी शादी देशहित की एक छोटी सी शुरुआत बनी है.
पीएम ने सोना न खरीदने की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तेलंगाना के दौरे पर थे. हैदराबाद के सिकंदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की थी. साथ ही पीएम मोदी ने एक साल तक सोना न ख़रीदने और खाने का तेल कम इस्तेमाल करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि सोने की खरीद एक और पहलू है जिसमें विदेशी मुद्रा बहुत खर्च होती है. एक समय था जब संकट आता था तब लोग देशहित में सोना दान दे देते थे. आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन देशहित में हमें यह तय करना होगा कि सालभर तक घर में कोई कार्यक्रम हो, हम सोने के गहने नहीं खरीदेंगे.
ये भी पढ़ें: चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, भारी भीड़ के बीच RPF जवानों ने कराया सुरक्षित प्रसव, अब रेलवे की हो रही तारीफ
ये भी पढ़ें: धार भोजशाला विवाद: हाईकोर्ट में आज अंतिम बहस, मुस्लिम पक्ष ने ASI सर्वे रिपोर्ट पर उठाए गंभीर सवाल














