Whale Vomit Smuggling Mumbai: मुंबई में पुलिस ने एक बार फिर 'तैरता सोना' (फ्लोटिंग गोल्ड) कहे जाने वाले बेशकीमती एम्बरग्रीस (Ambergris) को जब्त करने में सफलता हासिल की है. मुंबई शहर के मालवणी इलाके में फिल्मी अंदाज में पुलिस ने तस्कर को धर-दबोचा. आरोपी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत रखने वाले इस पदार्थ को बेचने की फिराक में था. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के पास से करोड़ों रुपये मूल्य का 1.15 किलोग्राम एम्बरग्रीस बरामद किया है.
करोड़ों का एम्बरग्रीस बरामद
दरअसल, मुंबई के मालवणी पुलिस टीम ने 'एम्बरग्रीस' (व्हेल की उल्टी) की तस्करी करने वाले 24 वर्षीय अदनान खान को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 1.15 किलोग्राम एम्बरग्रिस बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ी कीमत बताई जा रही है.
व्हेल की उल्टी के साथ आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, मालवणी पुलिस की टीम गश्त पर थी, इसी दौरान पुलिस को अदनान की हरकतें संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी तलाशी लेने पर इस तस्करी का खुलासा हुआ. पकड़े जाने के डर से आरोपी ने एक पुलिस कांस्टेबल पर हमला कर दिया और वहां से भागने की कोशिश की. इतना ही नहीं खुद को बचाने के लिए आरोपी पास की एक खाड़ी में कूद गया. हालांकि पुलिस ने पीछा करके उसे धर दबोचा.
फिलहाल पुलिस ने तस्करी और सरकारी कर्मचारी पर हमला करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे कार्रवाई की जा रही है.
एम्बरग्रीस को क्यों कहते हैं 'तैरता सोना'?
एम्बरग्रीस को 'तैरता सोना' इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इसका उपयोग महंगे इत्र बनाने में होता है, जिससे खुशबू लंबे समय तक टिकी रहती है. हालांकि भारत में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (Wild Life Protection Act) के तहत एम्बरग्रीस का व्यापार पूरी तरह अवैध है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: अलीगढ़ में 14 फीट गहरे गड्ढे में चल रहा था काम, तभी मजदूर पर गिरा मिट्टी का टीला, मौत














