मुंबई लिंक रोड प्रोजेक्ट स्थल पर हादसा, L&T की साइट पर क्रेन गिरने से 2 मजदूरों की मौत, BMC ने जांच बिठाई

बीएमसी ने दहिसर-भायंदर लिंक रोड (DBLR) के कास्टिंग यार्ड में हुए हादसे की गहन जांच के आदेश दिए हैं. बीएमसी ने कहा है कि जांच में मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

महाराष्ट्र में मुंबई के पास दहिसर-भायंदर लिंक रोड (DBLR) के निर्माण कार्य के दौरान शनिवार दोपहर भीषण हादसा हो गया. एलएंडटी (L&T) के कास्टिंग यार्ड में क्रेन गिरने से दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई. बीएमसी ने घटना की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं और मजदूरों की सुरक्षा में कोताही को लेकर चेतावनी दी है. 

दहिसर-भायंदर लिंक रोड प्रोजेक्ट में हादसा

MMRDA के तहत दहिसर और भायंदर को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन प्रोजेक्ट स्थल पर शनिवार दोपहर लगभग 12:30 बजे ये दुर्घटना हुई. एलएंडटी इसकी मुख्य निर्माण कंपनी है. मृतकों की पहचान रघुनाथ दास (38 वर्ष) और काना सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद भायंदर पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया.

देखें- तरबूज खाने से मौत नहीं हुई तो कैसे हुई? सरकारी रिपोर्ट से और गहराई मुंबई में मौतों की मिस्ट्री

निर्माण स्थल पर सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच

प्राथमिक जांच में क्रेन के गिरने या तकनीकी खराबी को इस बड़े हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस और संबंधित अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या निर्माण स्थल पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का ठीक से पालन किया जा रहा था या नहीं. 

Advertisement

बीएमसी ने गहन जांच के आदेश दिए

बीएमसी ने दहिसर-भायंदर लिंक रोड (DBLR) कास्टिंग यार्ड में हुए हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच के आदेश दिए हैं. बीएमसी ने कहा है कि अगर जांच में मजदूरों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बीएमसी ने मामले में जीरो टॉलरेंस की चेतावनी दी है.

जांच के लिए एक्सपर्ट कमिटी गठित

घटना की जांच के लिए वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टिट्यूट के प्रोफेसरों की एक विशेषज्ञ टीम नियुक्त की गई है. टीम से जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी गई है. प्रशासन यह भी जांच करेगा कि कार्यस्थल पर तय सुरक्षा नियम (SOP) का पालन किया गया था या नहीं. सभी क्रेन, गैन्ट्री और अन्य मशीनों की थर्ड पार्टी से दोबारा सुरक्षा जांच कराने का भी फैसला लिया गया है.

Advertisement

सभी प्रोजेक्टों का सेफ्टी ऑडिट होगा 

इसके साथ ही सभी प्रोजेक्ट्स में नियमित और सख्त सेफ्टी ऑडिट भी सुनिश्चित करने की बात कही गई है. प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.

देखें- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ‘मिसिंग लिंक' ने रचा इतिहास, दुनिया की सबसे चौड़ी सुरंग देश की नई पहचान

Featured Video Of The Day
Iran US War Updates: युद्ध के बाद क्या है ईरान का हाल? | Iran Israel War | Mojtaba Khamenei | Trump