- मीरा रोड में हुई चाकूकांड की घटना का वीडियो NDTV को मिला है जो पूरी वारदात की भयावहता दर्शाता है
- आरोपी जुबैर अंसारी की पहचान हुई है और उसके घर से आईएसआईएस से जुड़ी संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है
- वारदात की शुरुआत मस्जिद का रास्ता पूछने और धर्म पूछने के बाद हुई, जिसके बाद गार्ड पर हमला हुआ
Mumbai Stabbing Case: मुंबई से सटे मीरा रोड में हुए सनसनीखेज चाकूकांड की वारदात का खौफनाक वीडियो NDTV के हाथ लगा है. यह एक्सक्लूसिव वीडियो उस दहशत की गवाही दे रहा है, जिसने आधी रात के सन्नाटे में दो बेगुनाह कर्मचारियों की जिंदगी दांव पर लगा दी थी. वीडियो के हर फ्रेम में हमलावर की वो दरिंदगी कैद हुई है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. बीते सोमवार यानी 27 अप्रैल की तड़के हुई इस वारदात में एक अज्ञात शख्स पहले 'धर्म' पूछता है और फिर निहत्थे सिक्योरिटी गार्ड और उसके सुपरवाइजर पर खून का प्यासा होकर टूट पड़ता है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 31 साल के ज़ुबैर अंसारी के रूप में हुई है.आरोपी के घर से कथित तौर पर ISIS से जुड़ी कुछ संदिग्ध और कट्टरपंथी सामग्री बरामद हुई है.
वीडियो में कैद हुआ चाकूकांड
वारदात के इस लाइव वीडियो में अपराधी का बेहद आक्रामक और क्रूर चेहरा नजर आ रहा है. सन्नाटे भरी सड़क पर आरोपी एक सिक्योरिटी गार्ड का पीछा करते हुए केबिन तक पहुंचता है. वीडियो में सबसे ज्यादा विचलित करने वाला हिस्सा वो है, जहां पीड़ित हमलावर के सामने हाथ जोड़कर रहम की भीख मांग रहा है, लेकिन आरोपी पर इसका कोई असर नहीं होता. वह लगातार और ताबड़तोड़ चाकू से वार करता जा रहा है. वीडियो में पीड़ितों की चीखें और आरोपी का बेकाबू गुस्सा साफ देखा और सुना जा सकता है, जो इलाके में फैली दहशत की वजह को बयां करने के लिए काफी है.
ये भी पढ़ें: मुंबई में कलमा न पढ़ने पर दो गार्ड को चाकू मारने वाला ज़ुबैर है साइंस ग्रेजुएट, घर में मिली ISIS से जुड़ी सामग्री
मस्जिद का पता पूछने से शुरू हुई सनक
अब तक की जांच और इनपुट के मुताबिक, इस पूरी वारदात की पटकथा 27 अप्रैल की तड़के करीब 3 बजे लिखी गई थी. ड्यूटी पर तैनात गार्ड सुब्रोतो रमेश सेन के पास एक अज्ञात शख्स आया और मस्जिद का रास्ता पूछने लगा. बातचीत के बीच उसने अचानक सुब्रोतो से पूछा—"हिंदू हो क्या?" सुब्रोतो के 'हां' कहते ही वह वहां से चला गया, लेकिन उसकी सनक अभी खत्म नहीं हुई थी. करीब एक घंटे बाद जब सुब्रोतो दोबारा अपनी पोस्ट पर लौटे, तो आरोपी ने उन्हें रोका और "हिंदू हो ना" कहते हुए चाकू से हमला कर दिया.
"कलमा पढ़ो वरना..." और केबिन में खूनी वार
अपनी जान बचाने के लिए सुब्रोतो भागकर सुपरवाइजर राजकेशर मिश्रा के केबिन में घुसे. NDTV के पास मौजूद वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी वहां भी पहुंच गया. उसने सुपरवाइजर को पकड़ा और उनके सामने एक ऐसी शर्त रख दी जिसने सबको सुन्न कर दिया. उसने कहा, "अगर हिंदू हो तो कलमा पढ़ो." जब मिश्रा कलमा नहीं पढ़ पाए, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. हमले के बाद घायल सुपरवाइजर ने तड़पते हुए अपने साथियों को फोन कर कहा—"मैं मर जाऊंगा, मुझे बचा लो." फिलहाल दोनों घायल अस्पताल में हैं, जिनमें से सुपरवाइजर की हालत गंभीर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: मुंबई में शादी का झांसा देकर बार सिंगर का शोषण, 2 करोड़ की ठगी, बिल्डर के खिलाफ FIR दर्ज














