- महाराष्ट्र में एक युवक ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंक कर कैमरे पर खुद का वीडियो रिकॉर्ड किया
- 13 मार्च को ठाकुर्ली और कल्याण रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन के चार कोचों की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हुईं
- आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने पतरीपुल इलाके में आरोपी को हिरासत में ले लिया.
कैमरे पर दिखने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते. लेकिन क्या कभी सुना है कि कैमरे पर दिखने के लिए कोई पत्थरबाजी भी कर सकता है. हैरान करने वाला ऐसा ही मामला महाराष्ट्र से सामने आया है. यहां पर एक शख्स ने फेमस होने के लिए सीएसएमटी–साईनगर शिर्डी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकें. इस दौरान उनसे अपने मोबाइल से घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया, जैसे वह कोई बहुत ही शानदार काम रह रहा हो. हालांकि आरोपी युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
वंदे भारत ट्रेन पर फेंके पत्थर
घटना 13 मार्च की है. ठाकुर्ली और कल्याण रेलवे स्टेशनों के बीच किलोमीटर 52/114 के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंके. इस दौरान कोच C-1, C-3, C-4 और C-7 पर पत्थर लगने से खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ कल्याण और सीआईबी कल्याण की संयुक्त टीम ने पतरीपुल इलाके में तलाशी अभियान चलाया. संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया.
यात्रियों को डराने के इरादे से पत्थरबाजी की बात कबूली
पूछताछ में आरोपी की पहचान पुणे के रहने वाले 23 साल के सनी कांबले के रूप में हुई. उसने कबूल किया कि गांजा के नशे में रेलवे ट्रैक के पास जाकर उसने यात्रियों को डराने के इरादे से वंदे भारत एक्सप्रेस के अलग-अलग डिब्बों पर पत्थर फेंके.
हिरासत में आरोपी, मामला दर्ज
इस मामले में आरोपी के खिलाफ आरपीएफ पुलिस स्टेशन कल्याण में रेलवे अधिनियम की धारा 153 और 147 के तहत सीआर नंबर 1029/2026 दर्ज किया गया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद एमसीआर हिरासत में भेजा गया, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे अधरवाड़ी जेल भेज दिया गया. मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- आ रही LPG की बड़ी खेप, दो भारतीय जहाज शिवालिक और नंदा देवी ने होर्मुज का रास्ता पार किया
ये भी पढ़ें- उबर ड्राइवर बिना वजह ब्रेक लगाकर गलत तरीके से छू रहा था, दिल्ली में दिनदहाड़े छेड़छाड़ की घटना














