महाराष्ट्र में पेट्रोल पंपों पर ‘पैनिक बाइंग’, लंबी कतारों से हालात बिगड़े, अफवाहों ने बढ़ाई चिंता

विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति वास्तविक कमी से ज्यादा मनोवैज्ञानिक है. सोशल मीडिया पर अफवाहें. अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरें. प्रधानमंत्री के बयान की गलत व्याख्या और कोविड काल की यादें. इन सभी कारणों ने मिलकर लोगों में डर पैदा किया, जिससे अचानक मांग बढ़ गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
ईंधन संकट की अफवाहों के बीच महाराष्ट्र के कई जिलों अफरा-तफरी का माहौल.

महाराष्ट्र के कई जिलों में बुधवार 25 मार्च को पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला. सोशल मीडिया पर ईंधन संकट की अफवाहों के बीच राज्यभर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं. इस ‘पैनिक बाइंग' के चलते कई जगहों पर अस्थायी कमी जैसी स्थिति बनती दिखी. हालांकि, प्रशासन ने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश राज्य में इंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है.

दरअसल, हाल ही में संसद में PM Narendra Modi ने कोविड जैसी आपात परिस्थितियों के लिए तैयार रहने की बात कही थी. उनके इस बयान को कुछ लोगों ने संभावित संकट से जोड़कर देखा, जिसके बाद अफवाहें तेजी से फैलकर लोगों में घबराहट पैदा करने लगीं.

कोल्हापुर: सीमित ईंधन वितरण, लोगों में भ्रम

कोल्हापुर में कई पेट्रोल पंपों पर वाहनधारकों को सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया गया. दोपहिया वाहनों को केवल ₹200 तक का पेट्रोल. चार पहिया वाहनों को ₹1000 तक की सीमा तय की गई. इससे लोगों में और अधिक घबराहट फैल गई. हालांकि, कुछ पंप संचालकों ने पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न करें.

नाशिक (येवला): आधी रात को पंपों पर भीड़

नाशिक के येवला इलाके में “पेट्रोल बंद होने वाला है” जैसी अफवाह फैलते ही लोग आधी रात को ही पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए. करीब 1 से 1.5 किलोमीटर लंबी कतारें देखी गईं. हालांकि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है.

Advertisement

गडचिरोली: कई पंप सूखे, ‘नो पेट्रोल-डीजल' के बोर्ड

गडचिरोली जिले में कुछ पेट्रोल पंपों पर “नो पेट्रोल” और “नो डीजल” के बोर्ड लगाए गए, जिससे डर का माहौल बन गया. कुछ पंपों पर ईंधन खत्म हो गया, इससे अन्य पर भारी भीड़ देखी गई.

रत्नागिरी: सप्लाई में देरी, पंपों पर दबाव

रत्नागिरी शहर में कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य पेट्रोल उपलब्ध नहीं था. तीन पंपों पर आपूर्ति बंद रही. एडवांस भुगतान के बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं हो सकी. इसके चलते चालू पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. 

Advertisement

वर्धा और विदर्भ: ग्रामीण क्षेत्रों में भी असर

वर्धा और विदर्भ के अन्य इलाकों में भी पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं. लोगों में डर है कि पेट्रोल-डीजल खत्म हो सकता है, जबकि प्रशासन ने इसे पूरी तरह अफवाह बताया है. नागपुर में भी 8–10 पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से खाली हो गए.

प्रशासन की अपील: “कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें”

कोल्हापुर के जिलाधिकारी अमोल येडगे सहित कई अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई सामान्य है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक भीड़ न करें, क्योंकि पैनिक बाइंग से कृत्रिम संकट पैदा हो रहा है.

क्या है इस संकट की असली वजह?

विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति वास्तविक कमी से ज्यादा मनोवैज्ञानिक है. सोशल मीडिया पर अफवाहें. अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरें. प्रधानमंत्री के बयान की गलत व्याख्या और कोविड काल की यादें. इन सभी कारणों ने मिलकर लोगों में डर पैदा किया, जिससे अचानक मांग बढ़ गई. फिलहाल, महाराष्ट्र में पेट्रोल-डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों और पैनिक बाइंग ने हालात को अस्थायी रूप से बिगाड़ दिया है. यदि लोग संयम रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, तो स्थिति जल्द सामान्य हो सकती है.

Featured Video Of The Day
Sawaal India Ka |Bihar New CM Samrat Chaudhary | नीतीश ने सम्राट के लिए ताली बजाई |Sucherita Kukreti