- कांग्रेस ने बारामती उपचुनाव में उम्मीदवार वापस लेकर राजनीतिक परिस्थितियों, भविष्य के चुनावी समीकरणों को साधा
- पार्टी ने भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति के खिलाफ अपने वैचारिक रुख को बनाए रखने का प्रारंभिक संकेत दिया था
- रोहित पवार और हर्षवर्धन सपकाल की मुलाकात और छगन भुजबल की अपील से कांग्रेस पर नैतिक और राजनीतिक दबाव बढ़ा
बारामती उपचुनाव से कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार वापस लेने का निर्णय सतही तौर पर भले ही एक राजनीतिक बैकआउट लगे, लेकिन गहराई से विश्लेषण करने पर यह एक सुनियोजित और बहु-स्तरीय रणनीति का हिस्सा दिखाई देता है. हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों और भविष्य के चुनावी समीकरणों, दोनों को ध्यान में रखकर किया गया है.
कांग्रेस ने शुरुआत में बारामती में उम्मीदवार उतारकर स्पष्ट संकेत दिया था कि वह भाजपा-नेतृत्व वाली महायुति के खिलाफ अपने वैचारिक रुख से पीछे हटने वाली नहीं है.राष्ट्रवादी कांग्रेस पक्ष के महायुति में शामिल होने के बावजूद कांग्रेस ने मुकाबले का फैसला लेकर यह संदेश दिया कि उसकी राजनीति ‘नो कम्प्रोमाइज ऑन आइडियोलॉजी' के सिद्धांत पर आधारित है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम कांग्रेस के कोर वोटर और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण था.
कांग्रेस के बारामती से पीछे हटने की वजह जानें
हालांकि, इसके बाद तेजी से बदलते घटनाक्रम ने इस चुनाव को महज एक राजनीतिक मुकाबले से कहीं अधिक जटिल बना दिया. रोहित पवार और हर्षवर्धन सपकाल के बीच हुई मुलाकात, सुप्रिया सुले द्वारा पुराने राजनीतिक संबंधों का हवाला और छगन भुजबल की भावनात्मक अपील ने कांग्रेस पर नैतिक और राजनीतिक दबाव दोनों बढ़ाए. इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का फोन भी इस पूरे घटनाक्रम में एक अहम कड़ी साबित हुआ, जिसमें उन्होंने चुनाव निर्विरोध कराने की अपील की.
इन घटनाओं की श्रृंखला ने कांग्रेस के सामने एक जटिल विकल्प खड़ा कर दिया. एक तरफ वैचारिक संघर्ष जारी रखना और दूसरी तरफ महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति, संवेदनशीलता और समंजस्य की परंपरा को ध्यान में रखना. अंततः कांग्रेस ने ‘नेगोशिएटेड एग्जिट' का रास्ता चुना, जिसमें उसने पीछे हटते हुए भी अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता को बनाए रखा.
ये भी पढ़ें- बारामती उपचुनाव में निर्विरोध जीतेंगी सुनेत्रा पवार, कांग्रेस समेत 23 उम्मीदवारों ने वापस लिया नाम
कांग्रेस को होगा क्या फायदा?
राजनीतिक दृष्टि से देखें तो कांग्रेस ने इस फैसले के जरिए महत्वपूर्ण ‘मोरल कैपिटल' अर्जित किया है. पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वह केवल टकराव की राजनीति नहीं करती, बल्कि परिस्थितियों के अनुसार संतुलित और जिम्मेदार निर्णय लेने में भी सक्षम है. यही कारण है कि इस निर्णय को एक ‘इमेज बिल्डिंग एक्सरसाइज' के रूप में भी देखा जा रहा है.
इस पूरे घटनाक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू वह भी रहा, जिसमें पार्थ पवार के कांग्रेस को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद पैदा हुए नकारात्मक माहौल को कांग्रेस ने अपने पक्ष में मोड़ लिया. रोहित पवार की पहल पर हुए संवाद और स्पष्टीकरण ने कांग्रेस को नैतिक बढ़त दिलाई, जिससे पार्टी ने ‘नैरेटिव कंट्रोल' हासिल करने में सफलता पाई.
बारमाती से हटने के पीछे कांग्रेस की क्या रणनीति?
विशेषज्ञों का मानना है कि कांग्रेस का यह कदम 2029 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर उठाया गया है. बारामती जैसे पारंपरिक रूप से मजबूत क्षेत्र में सीधे टकराव के बजाय धीरे-धीरे राजनीतिक स्पेस बनाना, संबंधों को बनाए रखना और सहानुभूति अर्जित करना, यह सभी तत्व एक दीर्घकालिक रणनीति की ओर इशारा करते हैं.
कुल मिलाकर, बारामती उपचुनाव में कांग्रेस की यह वापसी एक साधारण चुनावी निर्णय नहीं, बल्कि एक ‘पॉलिटिकल कम्युनिकेशन मास्टरस्ट्रोक' के रूप में उभरती है. पहले आक्रामक रुख अपनाना, फिर संवाद के जरिए सम्मानजनक वापसी करना और अंततः नैतिक बढ़त हासिल करना. इन तीनों चरणों ने कांग्रेस को तत्काल और दीर्घकालिक, दोनों स्तरों पर राजनीतिक लाभ दिलाया है. इस प्रकार, बारामती से हटना कांग्रेस के लिए अंत नहीं, बल्कि 2029 की दिशा में एक नई राजनीतिक शुरुआत माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- बारामती में सुनेत्रा पवार की राह में '54' कांटे: निर्विरोध की उम्मीद टूटी, कांग्रेस -धनगर कार्ड ने फंसाया पेंच













