- बीड के आष्टी तहसील में एक 21 वर्षीय महिला को पैसों के लिए तीन बार जबरदस्ती शादी के लिए बेचा गया है
- महिला की पहली शादी दो साल पहले हुई थी और पति के बुरे बर्ताव से वह अपनी मां के साथ रह रही थी
- पुणे की महानंदा नाम की महिला ने उसे दूसरी और तीसरी शादी के लिए अन्य पुरुषों को लाखों रुपये में बेच दिया
बीड के आष्टी तहसिल में इंसानियत पर दाग लगाने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक 21 साल की शादीशुदा महिला को पैसों के लिए एक महीने में तीन बार अलग-अलग जगहों पर बेचा गया. हर जगह उसकी जबरदस्ती शादी करवाई गई. लगातार हो रहे इस अमानवीय बर्ताव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान युवती ने आखिरकार डिप्रेशन में आकर जहरीली दवा खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. इस घटना से पूरे बीड जिले में गुस्से की लहर है और पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
एक महिला ने ही किया सौदा
पीड़िता लातूर जिले की रहने वाली है और उसकी पहली शादी दो साल पहले हुई थी. लेकिन, पति के बुरे बर्ताव की वजह से वह अपनी मां के साथ रह रही थी. इसी बीच उसकी मुलाकात पुणे के हड़पसर इलाके में रहने वाली महानंदा नाम की महिला से हुई. यह महिला उसे दूसरी शादी करवाने का वादा करके पुणे ले गई. वहां अमर कालभोर नाम के एक आदमी से पांच लाख रुपये लेकर उसकी जबरदस्ती शादी करवा दी गई.
फिर दूसरे और फिर तीसरे को बेचा
इस शादी के ठीक दस दिन बाद, महानंदा और उसके साथियों ने उसे वहां से ले जाकर किसी दूसरे आदमी को साढ़े चार लाख रुपये में बेच दिया. उसके बाद भी यह सिलसिला नहीं रुका. महानंदा और उसके साथियों ने तुलजापुर की एक औरत की मदद से 4 मार्च को फिर से उसकी तीसरी शादी आष्टी तालुका के कनाडी बुद्रुक के एक आदमी से तय कर दी. पता चला है कि इस लेन-देन से भी साढ़े चार लाख रुपये लिए गए. इस तरह, इस बात की संभावना है कि शादी के नाम पर औरतों को बेचने का कोई रैकेट चल रहा है. पुलिस उस दिशा मे जांच कर रही है.
चौथी शादी का दबाव डाला, महिला ने खाया जहर
मगर औरत पर होनेवाला ज़ुल्म यहीं नहीं रुका. 6 मार्च को उसे फिर बुलाया गया और चौथी शादी के लिए तैयार होने का दबाव डाला गया. बार-बार होने वाले इन लेन-देन और भविष्य में ज़ुल्म के डर से पीड़िता बहुत ज्यादा मानसिक तनाव में थी. आखिर में, इस असहनीय स्थिति के कारण उसने जहरीली दवा खाकर अपनी जान देने की कोशिश की. अभी उसका बीड के मिराजगांव के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत क्रिटिकल बताई जा रही है.
4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
आष्टी पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोपियों में महानंदा, उसका पति और तुलजापुर के दो और लोग शामिल हैं. चारो आरोपियों की तलाश जारी है. एसआई श्रीकृष्ण शिंदे, इंस्पेक्टर शरद भूटेकर की गाइडेंस में मामले की आगे जांच कर रहे हैं और उम्मीद है कि इस इंटर-डिस्ट्रिक्ट रैकेट के और भी तार सामने आ सकते हैं.














