जमीन पर लेटकर गुहार लगाने पुलिस के पास पहुंची महिला, सोने-चांदी के दाम बढ़ने पर निकला 2014 से जुड़ा मामला

Mandsaur Public Hearing in Police Control Room: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने परिजनों के साथ जमीन पर लेटकर (लौट लगाकर) पुलिस कंट्रोल रूम में गुहार लगाने पहुंची.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Mandsaur Hindi News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस कंट्रोल रूम में होने वाली जनसुनवाई में अक्सर लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन मंगलवार को मंदसौर पुलिस की जनसुनवाई में ऐसा नजारा देखने को मिला जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. एक महिला अपने परिजनों के साथ जमीन पर लेटकर (लौट लगाकर) गुहार लगाने पहुंची. मामला जुड़ा है 5 किलो चांदी के गहनों से, जिसकी कीमत आज आसमान छू रही है.

पूरा मामला साल 2014 से जुड़ा बताया जा रहा है. जनसुनवाई में पहुंची महिला रुक्मणी  बाई का आरोप है कि उसने करीब 12 साल पहले एक स्वर्णकार के पास अपने 5 किलो चांदी के आभूषण गिरवी रखे थे. महिला का दावा है कि वह कई बार स्वर्णकार विशाल सोनी के पास चक्कर लगा चुकी है, लेकिन वह उसके जेवर वापस नहीं कर रहा है. ध्यान आकर्षित करने के लिए महिला अपने परिवार के साथ जमीन पर लेटकर एसपी दफ्तर की ओर बढ़ी.

स्वर्णकार ने लगाए आरोप

वहीं, दूसरी ओर स्वर्णकार विशाल सोनी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. विशाल का कहना है कि कहानी बिल्कुल उलट है. स्वर्णकार के मुताबिक, महिला और उसके परिजन 2014 में उससे उधार चांदी लेकर गए थे, जिसका भुगतान आज तक नहीं किया गया. बदले में पंचायत में जमीन की रजिस्ट्री करने का इकरारनामा हुआ था, जिसे महिला ने पूरा नहीं किया. स्वर्णकार ने अपने बचाव में पुलिस को पुराने बिल और लिखा-पढ़ी के तमाम दस्तावेज सौंप दिए है.

सोने-चांदी की कीमतों में उछाल के बाद सामने आ रहे ऐसे मामले

जानकारों का मानना है कि हाल के दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में जो अप्रत्याशित उछाल आया है, उसकी वजह से सालों पुराने लेन-देन के विवाद अब पुलिस की चौखट तक पहुंच रहे हैं. जब जेवर रखे गए थे, तब कीमतें कुछ और थीं और आज बाजार का गणित पूरी तरह बदल चुका है.

मंदसौर के एएसपी टीएस बघेल ने बताया कि आज जनसुनवाई में कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए हैं. लेनदेन के अधिकतर मामले हैं. लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. चूंकि यह लेन-देन का मामला है, इसलिए दोनों पक्षों के दस्तावेजों और आरोपों की सत्यता जांची जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

Featured Video Of The Day
युद्ध या शांति? - US–Iran War पर सबसे बड़ी बहस NDTV India पर | Iran Israel War