नाशिक में शर्मसार हुई इंसानियत: तीन अलग-अलग वारदातों में तीन नाबालिग बच्चियों से दरिंदगी, POCSO के तहत केस दर्ज

Nashik Crime News: शहर में तीन अलग-अलग इलाकों से नाबालिग लड़कियों से उत्पीड़न के मामले सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किए हैं. लगातार तीनों घटनाओं से शहर में गुस्सा और असुरक्षा का माहौल है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

महाराष्ट्र के नाशिक शहर से कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर देने वाली बेहद ही चौंकाने वाली खबरें सामने आई हैं. शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ उत्पीड़न और अत्याचार के मामले उजागर हुए हैं. इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए नाशिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों मामलों में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है. इन बैक-टू-बैक वारदातों के बाद से पूरे शहर के नागरिकों में भारी गुस्सा और असुरक्षा का माहौल है.

पहला मामला: अशोका मार्ग पर साल 2022 से मासूम का हो रहा था शोषण

पहली घटना नाशिक के अशोका मार्ग इलाके की है, जिसने समाज की सोच पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. यहां एक घरेलू कामगार महिला की नाबालिग नातिन के साथ साल 2022 से लगातार अत्याचार किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगा है. इतने लंबे समय से चल रहे इस मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सूर्यकांत वाघ उर्फ अण्णा के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कानून के शिकंजे में ले लिया है.

दूसरा मामला: सिडको में चचेरे भाई ने किया रिश्तों को शर्मसार

दूसरी वारदात सिडको के सह्याद्रीनगर इलाके की है, जहां रिश्तों को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक पर अपनी ही चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है. हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने पीड़िता का मुंह बंद रखने के लिए उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी. इस घटना के बाद से पीड़िता का परिवार गहरे सदमे में है.

तीसरा मामला: आनंदनगर में शादी समारोह के दौरान छेड़छाड़

तीसरी घटना आनंदनगर इलाके की है, जहां एक तरफ एक विवाह समारोह में खुशियों का माहौल था. वहीं, दूसरी तरफ एक दरिंदे ने भीड़ का फायदा उठाकर एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी सुनीलकुमार यादव की पहचान कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

Advertisement

तीन थानों में FIR दर्ज, पुलिस की सख्त कार्रवाई शुरू

नाशिक पुलिस प्रशासन ने इन तीनों मामलों को अत्यंत संवेदनशीलता से लिया है. मुंबईनाका, अंबड और इंदिरानगर थानों में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामलों की निष्पक्ष और तेजी से जांच की जा रही है, और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

Featured Video Of The Day
Bharat Ki Baat Batata Hoon | Asansol Violence | Bhojshala Verdict | Bengal में हिंसा, अब होगा एक्शन!