Shivpuri Mega Medical Camp India Book of Records: शिवपुरी में आयोजित नि:शुल्क मेगा मेडिकल कैंप ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. 17 से 24 मार्च 2026 तक चले इस शिविर को “एक ही स्थान पर आयोजित सबसे बड़ा नि:शुल्क मल्टी‑स्पेशियलिटी मेडिकल कैंप” के रूप में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में आधिकारिक तौर पर दर्ज किया गया है. यह शिविर श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन और मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी और विशेषज्ञों की मौजूदगी के कारण विशेष पहचान मिली.
Shivpuri Mega Medical Camp India Book of Records: प्रमाण पत्र
हजारों मरीजों को एक ही कैंप में फ्री इलाज
इस मेगा शिविर के दौरान हजारों मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं. देश के अलग‑अलग हिस्सों से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को परामर्श दिया, जांच की और जरूरत के अनुसार दवाइयां व उपचार उपलब्ध कराए. नेत्र रोग, दंत रोग, हड्डी रोग सहित कई जटिल बीमारियों के मामलों में लोगों को इलाज की सुविधा मिली, जिससे खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आए मरीजों को राहत मिली.
रिकॉर्ड सिर्फ आंकड़ों का नहीं: ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह रिकॉर्ड केवल संख्या या पैमाने का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास और सेवा भाव का परिणाम है. उन्होंने कहा कि उद्देश्य यही रहा है कि कोई भी जरूरतमंद बेहतर इलाज से वंचित न रहे. उनके अनुसार, शिवपुरी के लोगों का सहयोग, डॉक्टरों की भागीदारी और स्वयंसेवकों के समन्वय ने शिविर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई.
एक ही छत के नीचे मल्टी‑स्पेशियलिटी सुविधाएं
इस शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि एक ही परिसर में मल्टी‑स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं. मरीजों को परामर्श के साथ‑साथ जांच, दवाएं और कई मामलों में उन्नत तकनीक आधारित उपचार भी दिया गया. आयोजकों के अनुसार, उच्च तकनीक उपकरणों और विशेषज्ञ मेडिकल टीम के जरिए यह सुनिश्चित किया गया कि हर मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण सेवा मिले.
ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के लिए राहत
इस पहल से खास तौर पर उन लोगों को लाभ पहुंचा, जिन्हें आमतौर पर बड़े शहरों तक इलाज के लिए जाना पड़ता है. एक ही जगह पर इतने बड़े स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं मिलने से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान हुई है.
शिवपुरी से पूरे प्रदेश को संदेश
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज इस शिविर को केवल शिवपुरी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए अहम माना जा रहा है. यह आयोजन बताता है कि समन्वय और योजना के साथ बड़े स्तर पर जनस्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं जमीन पर उतारी जा सकती हैं.
यह भी पढ़ें : देश में पहली बार स्वास्थ्य शिविर में हुई रोबोटिक सर्जरी; शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने देखा ऑपरेशन
यह भी पढ़ें : बर्थडे पर सागर में CM मोहन यादव का सादा अंदाज, किसान के घर बुंदेली भोजन और टाइगर रिजर्व में कछुए छोड़े
यह भी पढ़ें : ओडिशा में हथियार डालने पर जिस खूंखार नक्सली ने अपने साथी को मार डाला था अब उसी ने किया सरेंडर
यह भी पढ़ें : Naxal Free Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ नक्सल मुद्दे पर सियासत तेज, कांग्रेस और सरकार आमने-सामने














