Manjhipal Bastar Eco tourism: प्रकृति की अनुपम सुंदरता, घने जंगलों की हरियाली, निर्मल जलधाराओं की शांति और जनजातीय जीवन की आत्मीयता से भरपूर बस्तर अंचल का मांझीपाल गांव आज छत्तीसगढ़ के तेजी से उभरते इको-टूरिज्म केंद्रों में अपनी खास पहचान बना चुका है. कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में स्थित यह गांव देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन रहा है. यहां की प्राकृतिक संपदा, शांत वातावरण और ग्रामीण संस्कृति का अद्भुत मेल पर्यटकों को एक अनोखा अनुभव प्रदान करता है. मांझीपाल केवल पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि सामुदायिक भागीदारी से विकसित होते आत्मनिर्भर गांव का एक सफल मॉडल बनकर उभरा है, जो स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण को भी नई दिशा दे रहा है.
कांगेर घाटी में बसा प्रकृति का स्वर्ग
मांझीपाल, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के भीतर स्थित एक खूबसूरत गांव है, जो अपनी जैव विविधता, हरे-भरे जंगलों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. यहां बहने वाली कांगेर नदी इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को और निखारती है. घने जंगलों से घिरा यह इलाका पर्यावरण प्रेमियों, फोटोग्राफरों और प्रकृति के करीब समय बिताने के इच्छुक लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन गया है.
Bastar Tourism: बैम्बू राफ्टिंग
बैम्बू राफ्टिंग का रोमांच
मांझीपाल की सबसे बड़ी विशेषता कांगेर नदी में होने वाली बैम्बू राफ्टिंग है. यहां स्थानीय आदिवासी समुदाय द्वारा पारंपरिक बांस की नावों से पर्यटकों को नदी की सैर कराई जाती है. यह अनुभव रोमांच और सुकून का अनूठा संगम है, जहां पर्यटक नदी के शांत बहाव के साथ जंगलों की हरियाली और पक्षियों की मधुर आवाज के बीच प्रकृति का आनंद लेते हैं. राफ्टिंग केवल एक पर्यटन गतिविधि नहीं, बल्कि यह जनजातीय जीवनशैली और प्रकृति के साथ उनके गहरे संबंध का जीवंत उदाहरण भी है. इससे पर्यटकों को बस्तर की संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिलता है.
Manjhipal Eco Tourism: बस्तर में पर्यटन
“आमचो लाड़ी” होमस्टे
मांझीपाल का “आमचो लाड़ी” होमस्टे इस गांव की विशेष पहचान बन चुका है. यह होमस्टे बस्तर की पारंपरिक संस्कृति, स्थानीय खान-पान और ग्रामीण जीवनशैली को पर्यटकों के सामने जीवंत करता है. देशी ही नहीं, विदेशी पर्यटक भी यहां की सादगी और आत्मीयता से बेहद प्रभावित हो रहे हैं. यहां आने वाले मेहमान पारंपरिक बस्तरिया भोजन का स्वाद लेते हैं, स्थानीय रीति-रिवाजों को करीब से देखते हैं और जंगल के बीच बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियों का आनंद उठाते हैं. आधुनिक जीवन की भागदौड़ से दूर यह अनुभव उन्हें मानसिक शांति भी प्रदान करता है.
Bastar Tourism: होम स्टे
क्या कुछ है खास?
मांझीपाल का विकास कम्युनिटी-बेस्ड टूरिज्म मॉडल का एक सफल उदाहरण है. इस मॉडल के तहत स्थानीय आदिवासी समुदाय सीधे पर्यटन गतिविधियों से जुड़ा हुआ है. यहां के युवा अब पर्यटक गाइड, बैम्बू राफ्टिंग संचालक, होमस्टे प्रबंधक और हस्तशिल्प विक्रेता के रूप में कार्य कर रहे हैं. इससे उन्हें स्थायी रोजगार मिलने लगा है. इस पहल से न केवल गांव में आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं, बल्कि बाहरी पलायन में भी कमी आई है. साथ ही, बस्तर की पारंपरिक कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को भी नई पहचान मिल रही है, जिससे सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित हो रहा है.
Bastar Tourism: मांझीपाल का होम स्टे
कैसे पहुंचे?
मांझीपाल तक पहुंचना बेहद सरल और सुविधाजनक है. यह गांव जिला मुख्यालय जगदलपुर से लगभग 35 से 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. पर्यटक जगदलपुर से दरभा मार्ग होते हुए सड़क मार्ग से यहां आसानी से पहुंच सकते हैं. निजी वाहनों और स्थानीय टैक्सियों की सुविधा उपलब्ध है. वहीं, नजदीकी रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डा भी जगदलपुर में ही स्थित है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों से इस स्थान तक पहुंचना सुगम हो जाता है.
बदलते बस्तर की नई पहचान
अधिकारियों के मुताबिक मांझीपाल आज केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक ऐसे मॉडल के रूप में उभरा है जहां प्रकृति संरक्षण, स्थानीय सहभागिता और आर्थिक विकास का संतुलन देखने को मिलता है. यह गांव साबित कर रहा है कि यदि योजनाबद्ध तरीके से स्थानीय संसाधनों का उपयोग किया जाए, तो ग्रामीण क्षेत्र भी वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बना सकते हैं. मांझीपाल बस्तर की बदलती तस्वीर का प्रतीक बनकर उभर रहा है, जो आने वाले समय में देश के अन्य हिस्सों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन सकता है.
यह भी पढ़ें : NIA अधिकारी बन फर्जी RBI नोटिस दिखाया, फिर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई 2.10 करोड़ की ठगी; आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : बकरा व्यापारी... जनगणना अधिकारी बन पुलिस ने हाईटेक चोर को दबोचा; 15 दिन दिल्ली में डेरा, 300 KM किया पीछा
यह भी पढ़ें : बकरीद से पहले बुरहानपुर में बिका चाय-पान का शौकीन बकरा; कीमत में 786 का खास कनेक्शन रहा
यह भी पढ़ें : शक और घरेलू विवाद... पत्नी ने पति पर हमला कर प्राइवेट पार्ट काटा














