41 टन लोहे का एंगल लोड ट्रेलर लेकर भागा अपचारी बालक, पुलिस ने ऐसे बरामद की 60 लाख की संपत्ति

Chhattisgarh News: चालक जब जरूरी कागजात की जांच कराने के लिए कार्यालय के अंदर गया और करीब एक घंटे बाद वापस लौटा, तो ट्रेलर वहां से गायब था और हेल्पर का मोबाइल भी बंद मिला. इसके बाद चालक ने ट्रेलर और माल चोरी होने की आशंका जताते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Raigarh News: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के रायगढ़ (Raigarh) जिले में ट्रेलर चोरी की बड़ी घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक अपचारी बालक को पकड़ा है. आरोपी ट्रेलर में लोड करीब 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हो गया था, जिसे रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त नाकेबंदी के दौरान सक्ती टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया गया. पुलिस ने ट्रेलर और उसमें लोड लोहे के एंगल सहित लगभग 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली है.

जानकारी के अनुसार राजस्थान के अजमेर निवासी ट्रेलर चालक धरम राज जाट ने कोतरा रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि वह ट्रेलर संख्या RJ 48 GA 3147 चलाते हैं और पिछले कुछ दिनों से उनके साथ एक 17 वर्षीय किशोर हेल्पर के रूप में काम कर रहा था. 5 मार्च को वे रायगढ़ स्थित जिंदल प्लांट से ट्रेलर में करीब 41 टन लोहे का एंगल लोड कराया था. इसके बाद 7 मार्च की शाम को ट्रेलर को जिंदल गेट के पास सड़क किनारे खड़ा किया गया था. उस समय हेल्पर ट्रेलर में मौजूद था और वाहन की चाबी भी लगी हुई थी. चालक जब जरूरी कागजात की जांच कराने के लिए कार्यालय के अंदर गया और करीब एक घंटे बाद वापस लौटा, तो ट्रेलर वहां से गायब था और हेल्पर का मोबाइल भी बंद मिला. इसके बाद चालक ने ट्रेलर और माल चोरी होने की आशंका जताते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.

यह भी पढ़ें- धान का सुखत कम करने के लिए प्रभारी ने किया गजब का खेला, कमी पूरा करने के लिए मिला दिया रेत

मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में नाकेबंदी कराते हुए आसपास के जिलों को भी सूचना भेजने के निर्देश दिए. इसी दौरान सक्ती जिले के टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर जांच की और सूचना कोतरा रोड पुलिस को दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी किशोर को पकड़कर ट्रेलर व उसमें लोड लोहे का एंगल जब्त कर लिया. पूछताछ में किशोर ने ट्रेलर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली. बाद में उसे किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें- पढ़ाई के लिए पहाड़ों में नेटवर्क तलाश रहे छात्र, डिजिटल भारत की खुली पोल

Featured Video Of The Day
Iran Israel War | मैक्रों ने नौसेना के जवानों से की मुलाकात | Emmanuel Macron | BREAKING NEWS
Topics mentioned in this article