Iran Israel War VIDEO Indian: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग के बीच 1 मार्च 2026 को हालात और बिगड़ते नजर आ रहे हैं. युद्ध की आंच अब खाड़ी क्षेत्र तक महसूस की जा रही है. इस बीच दुबई से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मध्य प्रदेश के इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला बमबारी के बीच भारत सरकार से सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं. संजय शुक्ला भाजपा नेता हैं. साल 2018 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने जा चुके हैं.
बताया जा रहा है कि ईरान और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं. इनमें अकेले मध्य प्रदेश से 100 से ज्यादा लोग शामिल बताए जा रहे हैं. वायरल वीडियो में संजय शुक्ला दावा कर रहे हैं कि दुबई एयरपोर्ट के पास भी धमाका हुआ है और लगातार ड्रोन हमले तथा अलार्म की स्थिति बनी हुई है.
“इंदौर के कई परिवार फंसे, बच्चे और बुजुर्ग साथ”
वीडियो में संजय शुक्ला कहते हैं: “नमस्कार, हम लोग इंदौर से आए हुए हैं. इंदौर के कई लोग यहां फंसे हुए हैं. यहां हालात बहुत खराब हो चुके हैं. अभी सामने बम गिरा है. दुबई एयरपोर्ट पर भी एक बम गिर गया है. पूरा यातायात बाधित है. लगातार मोबाइल पर अलार्म बज रहा है कि कमरे में रहें, कांच से दूर रहें.”
उन्होंने बताया कि उनके साथ उनका परिवार और बेटा भी मौजूद है. इसके अलावा अन्य परिवारों के बच्चे और बुजुर्ग भी यहां फंसे हुए हैं. उनका कहना है कि सड़क और हवाई मार्ग दोनों बाधित हैं और यदि सड़क मार्ग से निकलना हो तो ईरान होकर जाना पड़ेगा, जो मौजूदा हालात में संभव नहीं है.
iran Israel war dubai Indian Sanjay Shukla appeal pm modi bombs falling
पीएम मोदी और अमित शाह से मदद की अपील
संजय शुक्ला ने वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भावुक अपील की है.
उन्होंने कहा कि “मैं भारत सरकार के आदरणीय मोदी जी और अमित शाह जी से निवेदन करता हूं कि यहां फंसे भारतीयों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने की व्यवस्था की जाए. हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. ऊपर से बम गिर रहे हैं, एक घंटे से धुआं उठ रहा है. कृपया दुबई सरकार से बात कर हमें सुरक्षित भारत लाया जाए.”
दहशत में भारतीय नागरिक
वीडियो में पीछे धुआं उठता दिखाई दे रहा है और सायरन की आवाज भी सुनाई पड़ रही है. संजय शुक्ला का कहना है कि लगातार ड्रोन हमले हो रहे हैं और लोगों में डर का माहौल है. हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है. भारत सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. युद्ध की स्थिति को देखते हुए परिजनों में चिंता बढ़ गई है और सभी सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं.
US-Israel-Iran War: महाकाल मंदिर के पुजारी और पूर्व MLA संजय शुक्ला दुबई में फंसे, 2.5 घंटे बैठने के बाद प्लेन से उतारा गया














