Indore Sewer Cleaning Death: इंदौर में सोमवार को सीवर की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मियों की मौत हो गई थी. अब राज्य सरकार ने दोनों नगर निगम के कर्मचारियों की मौत पर मुआवजे की घोषणा की है. मृतकों की पहचान करण और अजय के रूप में हुई है. सरकार ने अब दोनों सफाई कर्मचारियों (Compensation to Sweepers) के परिजनों को 30– 30 लाख रुपये की सहायता राशि देने की बात कही है.
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2023 में सीवर से जुड़ी मौत पर 30 लाख की आर्थिक सहायता का 2023 में फैसला दिया था. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चोइथराम अस्पताल के गेट के पास घटित हुई घटनाओं पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने प्रभावितों को 30-30 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.
कैसे हुई मौत
इंदौर में सोमवार को चोइथराम मंडी गेट के पास यह हादसा हुआ है. बताया जा रहा है कि मशीन से सफाई का काम पूरा होने के बाद मशीन का एक पार्ट सीवर चैंबर में गिर गया था. उसी पार्ट को निकालने के लिए दोनों कर्मचारी सीवर टैंक में उतरे थे. टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण दोनों कर्मचारी बेहोश हो गए. दम घुटने से दोनों की मौत हो गई. DCP कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि दोनों ही कर्मचारियों के शवों को निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है. राजेंद्र नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बचाव के लिए उतरे लोग, SDRF को बुलाया गया
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया. दोनों कर्मचारियों को बचाने के लिए एक अन्य सफाई कर्मचारी और एक स्थानीय नागरिक भी चैंबर में उतरे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया था. हालांकि, तब तक दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी.
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आज की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें














