VIDEO: एमपी में चलती ई-स्कूटी अचानक बनी 'आग का गोला', कॉलेज छात्रा ने कूदकर बचाई जान

मध्य प्रदेश के कटनी में एक चलती ई‑स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई. कॉलेज जा रही छात्रा ने सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई. सागर पुल पर हुई इस घटना से इलाके में अफरा‑तफरी मच गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Electric Scooter Fire Video: मध्य प्रदेश में एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहन की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. कटनी शहर में एक कॉलेज जा रही छात्रा की ई‑स्कूटी अचानक चलती हालत में आग का गोला बन गई. सड़क पर देखते‑ही‑देखते हालात बिगड़ गए, लेकिन छात्रा की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया. यह पूरी घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी रही.

कटनी के सागर पुल पर अफरा‑तफरी

यह घटना कटनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सागर पुल की है. रोज की तरह ट्रैफिक सामान्य था, तभी अचानक एक चलती ई‑स्कूटी में भीषण आग लग गई. आग लगते ही सड़क पर अफरा‑तफरी मच गई और लोग डरकर दूर हटने लगे. कुछ ही पलों में स्कूटी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई.

कॉलेज जा रही थी छात्रा, रास्ते में हुआ हादसा

ई‑स्कूटी चला रही छात्रा की पहचान श्रद्धा यादव के रूप में हुई है. श्रद्धा अपने घर कैलवारा खुर्द से कॉलेज जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रहे लोगों ने उसे आवाज लगाकर बताया कि उसकी स्कूटी से धुआं निकल रहा है. यह सुनकर वह घबरा गई, लेकिन हिम्मत नहीं हारी.

धुएं की जानकारी मिलते ही श्रद्धा ने तुरंत स्कूटी सड़क किनारे रोकी और बिना देर किए उससे अलग हो गई. कुछ ही सेकेंड में इलेक्ट्रिक स्कूटी आग की लपटों में घिर गई. देखते‑देखते स्कूटी धू‑धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई.

Advertisement

फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में छात्रा को किसी तरह की चोट नहीं आई.

इलाके में कुछ देर तक रहा हड़कंप

ई‑स्कूटी में आग लगने की इस घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए हड़कंप का माहौल बना रहा. लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर तरह‑तरह की बातें करते नजर आए. गनीमत रही कि समय रहते छात्रा ने खुद को बचा लिया, वरना यह हादसा किसी बड़े नुकसान में बदल सकता था.

Advertisement
Featured Video Of The Day
IPL 2026: सेल्फी लेने आए फैन्स से वैभव सूर्यवंशी ने मांगे पैसे?