थाने पहुंची दुल्हन बोली-बस 2 घंटे छोड़ दो या यहीं द‍िलवाओ 7 फेरे, गैंगस्टर दूल्हे को मंडप से उठा ले गई पुलिस

MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने इलीगल गैंग के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी को शादी के दिन ही गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पर पुजारी का अपहरण कर 8 लाख रुपए की फिरौती मांगने का आरोप है. गिरफ्तारी के बाद उसकी दुल्हन थाने पहुंचकर उससे मिलने और शादी पूरी कराने की गुहार लगाती रही.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Bhopal Gangster Groom:  हाथों में मेहंदी, चेहरे पर हल्दी और गले में माला पहने सीमा भोपाल के कोहेफिजा पुल‍िस थाने में खड़ी होकर गैंगस्टर दूल्हा आकाश से मिलाने की गुहार लगाती रही. उसने पुलिस से कहा कि होने वाले पति को दो घंटे के लिए छोड़ दिया जाए, ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें. दुल्हन ने पुलिस से यह भी कहा कि अगर रिहा करना संभव नहीं है तो कस्टडी में ही फेरे करा दिए जाएं. हालांकि पुलिस ने उसकी मांग नहीं मानी.

मंडप से उठा ले गई थी पुलिस

दरअसल, मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सक्रिय इलीगल गैंग के सरगना आकाश नीलकंठ की शादी युवती सीमा से होने वाली थी. बुधवार दोपहर शादी की रस्में चल रही थीं, तभी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे मंडप से ही हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने आकाश के साथ उसके साथियों राजमजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय, अभिषेक मीणा, नीरज खानगे और अमित ओसवाल को भी गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है.

पुजारी का अपहरण कर मांगी थी 8 लाख की फिरौती

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मिलकर एक 26 वर्षीय पुजारी का अपहरण किया था. उसे कमरे में बंधक बनाकर जमकर मारपीट की गई और रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 8 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई.

Advertisement

आरोपियों ने पुजारी को ईदगाह हिल्स इलाके की एक मल्टी में स्थित फ्लैट में बंधक बनाकर रखा. बाद में उसके भाई से 50 हजार रुपए ऑनलाइन वसूले गए. बाकी 7.5 लाख रुपए पांच किस्तों में देने का दबाव बनाया गया था.

पीड़ित की शिकायत के बाद हुआ खुलासा

आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित 11 मार्च को कोहेफिजा थाने पहुंचा और एफआईआर दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी संगठित तरीके से इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गैंग ने और कितने लोगों को इसी तरह निशाना बनाया है.

डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने क्या बताया

भोपाल पुलिस उपायुक्त मयूर खंडेलवाल ने बताया कि पुजारी की दोस्ती आरोपी गैंग के सदस्य अभिषेक उपाध्याय से थी. उसी ने पुजारी को जैन नगर स्थित कमरे पर बुलाया था. वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और मारपीट करते हुए 8 लाख रुपए की मांग की.

डीसीपी के मुताबिक आरोपियों ने पीड़ित को बाइक पर बैठाकर वाजपेयी नगर की एक मल्टी में ले जाकर बंधक बनाया और उसके भाई से 50 हजार रुपए ऑनलाइन वसूले. पैसे मिलने के बाद उसे छोड़ दिया गया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

6 साल से था प्रेम संबंध

पुलिस के अनुसार सीमा और आकाश के बीच करीब 6 साल से प्रेम संबंध था और दोनों की लव मैरिज होने वाली थी. सीमा उसी इलाके में रहती है और उसे आकाश के आपराधिक मामलों की जानकारी भी थी. आकाश पर हत्या समेत 12 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं और वह कुछ महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था.

Advertisement
Featured Video Of The Day
टूट गई Mamata Banerjee की पार्टी, Khan Sir पर जानलेवा हमला! |Bharat Ki Baat Batata Hoon
Topics mentioned in this article