12वीं टॉपर बना हैवान! मां‑पिता‑भाई और पालतू बिल्ली को मार डाला, 5 साल के भांजे ने छिपकर बचाई जान

बैतूल जिले के सांवगा गांव में 12वीं टॉपर युवक ने डिप्रेशन में आकर मां, पिता और छोटे भाई की लाठी से पीट‑पीटकर हत्या कर दी. 5 साल के भांजे पर भी हमला किया, जिसने छिपकर जान बचाई. आरोपी ने पालतू बिल्ली को भी मार डाला और रातभर शवों के पास बैठा रहा.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Betul Triple Murder Case: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सांवगा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक 12वीं टॉपर युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी मां, पिता और छोटे भाई की लाठी से पीट‑पीटकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं उसने अपने 5 साल के भांजे पर भी हमला किया, गनीमत रही कि भांजे ने छिपकर अपनी जान बचा ली. युवक ने  घर की पालतू बिल्ली को भी मार डाला. इसके बाद आरोपी पूरी रात घर में ही शवों के पास बैठा रहा, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

रात में हुई त्रिपल मर्डर की वारदात

कोतवाली थाना क्षेत्र के सांवगा गांव में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात यह वारदात हुई. आरोपी युवक ने परिवार के तीन सदस्यों मां कमलती धुर्वे, पिता राजू धुर्वे और छोटे भाई दिलीप धुर्वे को लाठी से बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. मामला सामने आते ही गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया.

भांजे ने छिपकर बचाई जान

घर में मौजूद 5 वर्षीय बच्चा विजय (रिश्ते में भांजा) भी हमले की जद में आया. आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिसके निशान बच्चे के शरीर पर दिखे. वक्त रहते वह छिप गया, तभी उसकी जान बच सकी. इस बीच आरोपी ने घर की पालतू बिल्ली की भी बेरहमी से हत्या कर दी.

सुबह हुआ खुलासा, ग्रामीण ने दी सूचना

सुबह जब एक ग्रामीण किसी काम से घर पहुंचा और अंदर झांका तो खून से सने शव देखकर सन्न रह गया. उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची, दरवाजा खुलवाया और अंदर का खौफनाक मंजर देख दंग रह गई. तीन शव घर में पड़े थे और आरोपी भी वहीं मौजूद था.

Advertisement

12वीं में टॉपर आरोपी दीपक

आरोपी की पहचान दीपक धुर्वे के रूप में हुई है. परिजनों औप स्थानीय जानकारी के मुताबिक वह पढ़ा‑लिखा है, 12वीं में टॉपर रहा और बीते तीन वर्षों से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था. बताया जा रहा है कि चयन न होने और दबाव के कारण वह डिप्रेशन में था. पुलिस के अनुसार युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है, इस पहलू की भी जांच जारी है.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. फॉरेंसिक टीम और पुलिस मिलकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही हैं, ताकि वारदात का क्रम और हथियारों के इस्तेमाल की पुष्टि हो सके.

Advertisement

अस्पताल में भी मचाया उत्पात 

मेडिकल परीक्षण के लिए जब आरोपी को जिला अस्पताल ले जाया गया, तो उसने वहां उत्पात मचाया, तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की. प्राथमिक मेडिकल औपचारिकताओं के बाद उसे ग्वालियर के मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती कराने के लिए रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद सांवगा गांव में शोक और दहशत का माहौल है. पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी हुई है.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका ने B-2 Bomber से किया हमला | Donald Trump