Barwani Murder Case: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना में बेटे ने मामूली पैसों के विवाद में अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी करीब 35 दिनों तक पुलिस को चकमा देता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे नर्मदा किनारे के घने जंगल से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की गिरफ्तारी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रही, जब वह पुलिस से बचने के लिए मंदिर की छत से कूद गया और घायल हो गया. पुलिस अब उससे आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है.
10 हजार का इनामी आरोपी 35 दिन बाद गिरफ्त में
बड़वानी पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी चंदन बडोले को 35 दिनों की तलाश के बाद गिरफ्तार कर लिया. आरोपी बेहद शातिर था और नर्मदा किनारे के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में छिपकर रह रहा था. पुलिस की कई बार दबिश के बावजूद वह हर बार भागने में सफल रहा, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना ने आखिरकार उसे पुलिस के शिकंजे में ला दिया.
पैसों के विवाद में पिता की निर्मम हत्या
यह सनसनीखेज वारदात 20 अप्रैल को ग्राम पिछोड़ी में हुई थी. दोपहर के समय 58 वर्षीय जगन बडोले ने अपने बेटे चंदन से खर्च के लिए पैसे मांगे. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया. गुस्से में आकर चंदन घर के अंदर गया और देशी पिस्तौल लेकर आया. उसने पिता के सिर पर सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
जंगल में छिपकर रखता था पुलिस पर नजर
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए नर्मदा किनारे के जंगलों को ठिकाना बना लिया. वह लगातार लोकेशन बदलता रहा और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता था. बड़वानी कोतवाली पुलिस ने तीन टीमें बनाकर उसकी तलाश की और जंगल, पहाड़ी इलाकों के साथ रिश्तेदारों के घरों पर भी दबिश दी.
मंदिर में छिपा, घिरते ही छत से कूदा
सोमवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भवति क्षेत्र के एक मंदिर में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ली. खुद को चारों ओर से घिरा देख चंदन मंदिर की छत पर चढ़ गया और बचने के लिए करीब 10-15 फीट ऊंचाई से कूद गया. इस दौरान उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट लगी और वह भाग नहीं सका. पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया.
अस्पताल में इलाज जारी, पूछताछ बाकी
गिरफ्तारी के बाद घायल आरोपी को रात करीब 9 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने पैसों के विवाद में पिता की हत्या करना कबूल कर लिया है.
हथियार बरामद करना अभी बाकी
थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई देशी पिस्तौल अभी बरामद नहीं हुई है. पुलिस फिलहाल आरोपी के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी.
रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना
इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती खाई और छोटी-छोटी बातों पर हो रहे गंभीर अपराधों को उजागर किया है. बड़वानी की यह वारदात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है.
यह भी पढ़ें : 6 साल बाद सक्रिय हुआ MP महिला आयोग, सुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवादों पर दिखी सख्ती
यह भी पढ़ें : नौतपा में तप रहा मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़, कहीं लू तो कहीं बूंदाबांदी; IMD ने जारी किया हीटवेव का रेड अलर्ट
यह भी पढ़ें : इबोला खतरे के बीच रायपुर एयरपोर्ट अलर्ट, बाहर से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू; WHO की चेतावनी
यह भी पढ़ें : बकरीद से पहले बुरहानपुर में बिका चाय-पान का शौकीन बकरा; कीमत में 786 का खास कनेक्शन रहा














