सर्दियां शुरू होने वाली है और ठंड के मौसम में हवा और घर के अंदर हीटर की गर्मी की वजह से स्किन रूखी, खुरदरी और खुजली वाली हो सकती है. हालांकि, सर्दियों में स्किन का ध्यान रखने के लिए लोग कई तरह के प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं ताकि स्किन में नमी बनी रहे. अगर, हर बार ठंड के मौसम में आपकी स्किन भी रूखी और बेजान हो जाती है तो डेली की कुछ छोटी आदतों में बदलाव करके भी स्किन को नरम और हेल्दी रखा जा सकता है. चलिए आपको बताते हैं कि ठंड में स्किन फटने और रूखी होने से बचाने के लिए क्या करें?
ज्यादा गर्म पानी से न नहाएं
सर्दियों के मौसम में सभी को गर्म पानी से नहाना अच्छा लगता है, लेकिन ठंड में ज्यादा देर तक और ज्यादा गर्म पानी स्किन के नेचुरल तेलों को हटा देता है, जिससे स्किन और अधिक रूखी हो सकती है. ऐसे में गुनगुने पानी से नहाएं और नहाने का समय 5 से 10 मिनट तक ही रखें. नहाने के बाद तौलिये से जोर से रगड़ने की बजाय हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं.
नहाने के तुरंत बाद मॉइस्चराइजर लगाएं
नहाने के बाद जब स्किन थोड़ी नम हो, तभी कुछ मिनटों के अंदर मॉइस्चराइजर लगा लें. ऐसा करने से स्किन में मौजूद नमी लंबे समय तक बनी रहती है और पानी जल्दी नहीं सूखता. सर्दियों में हल्के लोशन की बजाय गाढ़ी क्रीम या ऑइंटमेंट ज्यादा असरदार मानी जाती हैं. बेहतर परिणाम के लिए दिन में कम से कम दो बार मॉइस्चराइजर लगाएं.
हल्के और बिना खुशबू वाले क्लींजर का इस्तेमाल करें
सर्दियों में त्वचा की देखभाल के लिए बहुत सारे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं होती. एक अच्छा मॉइस्चराइजर और क्लींजर बहुत है. ठंड के मौसम में ऐसे प्रोडक्ट चुनें जिन पर हाइड्रेटिंग या सेंसिटिव स्किन लिखा हो. इसके अलावा शरीर पर साबुन का इस्तेमाल कम करें, क्योंकि ज्यादा साबुन स्किन को रूखा बना सकता है.
घर के अंदर की हवा में नमी बनाए रखें
सर्दियों में हीटर और एयर कंडीशनर घर की हवा को सूखा बना देते हैं, जिसका असर स्किन पर भी पड़ता है. इससे त्वचा में खुजली और रूखापन बढ़ सकता है.
हाथों की देखभाल करें
सर्दियों में हाथ पर सबसे ज्यादा असर होता है, क्योंकि इन्हें बार-बार धोया जाता है. हम बाहर जाते समय दस्ताने पहनें. हर बार हाथ धोने के बाद हैंड क्रीम लगाएं, ताकि स्किन मुलायम और नम बनी रहे.
भूलकर भी न करें ये 3 काम
- स्किन को जोर से रगड़कर साफ करना
- अल्कोहल वाले टोनर और एस्ट्रिंजेंट का इस्तेमाल
- खुशबूदार प्रोडक्ट्स और डियोडोरेंट साबुन का इस्तेमाल
यह भी पढ़ें:- झाइयां कैसे दूर करें? पिगमेंटेशन खत्म करने के लिए 3 आसान घरेलू उपाय, एक्सपर्ट से जानिए
यह भी पढ़ें:- ऊनी कपड़ों को कैसे धोएं? स्वेटर-जैकेट को सिकोड़े या खराब किए बिना धोने का आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- पीले पड़ चुके तकियों को साफ कैसे करें? तकिए की बदबू और दाग दूर करने के आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं