हर कोई चाहता है कि उनके घर में लगे पौधों पर खूब सारे फूल खिलें और पौधों की पत्तियां हरी-भरी रहें. इसके लिए लोग बाजार से महंगे-महंगे फर्टिलाइजर खरीदकर अपने पौधों में डालते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप घर पर भी अपने पौधों के लिए ऐसा फर्टिलाइजर तैयार कर सकते हैं, जो न केवल पौधों पर फूल बढ़ाने और पत्तियों को हरा-भरा रखने में मदद करेगा, बल्कि इस फर्टिलाइजर से पौधे तेजी से बढ़ेंगे भी. हर किसी के घर में आलू का इस्तेमाल किया ही जाता है. अब, लोग आलू को छीलकर खा लेते हैं और इसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं. आप चाहें, तो इन्हीं छिलकों से अपने पौधों के लिए फर्टिलाइजर बना सकते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट दीपक ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने आलू के छिलकों से खाद बनाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चाहिए होंगी ये चीजें-
आलू के छिलकों से आप दो तरह का खाद बना सकते हैं. सूखा खाद बनाने के लिए आपको केवल आलू के छिलकों की जरूरत होगी. वहीं, लिक्विड खाद बनाने के लिए आपको-
- 100 ग्राम आलू के छिलके
- 100 ग्राम वर्मी कंपोस्ट और
- 10 ग्राम इस्तेमाल की हुई चायपत्ती की जरूरत होगी. ध्यान रखें कि चायपत्ती में दूध, चीनी या दूसरी चीजें नहीं होनी चाहिए.
- लिक्विड खाद बनाने के लिए सबसे पहले 3 बर्तन लें और हर बर्तन में 500 मिलीलीटर पानी भर लें.
- अब, एक बर्तन में आलू के छिलकों को पानी में डालें, दूसरे बर्तन में वर्मी कंपोस्ट और तीसरे में चायपत्ती डालें. इन तीनों मिश्रण को दो दिन तक रखा रहने दें.
- दो दीन बाद तीनों को छान लें. अब, तीनों के पानी को एक साथ मिला लें.
- इतना करते ही आपका खाद बनकर तैयार हो जाएगा. लेकिन आपको इसे सीधे पौधे में नहीं डालना है.
- इससे अलग तैयार एक लीटर लिक्विड खाद में चार से पांच लीटर पानी मिलाएं, फिर इसे आप पौधे में डाल सकते हैं.
अगर आप लिक्विड खाद नहीं बनाना चाहते, तो आलू के छिलकों से सूखी खाद भी तैयार कर सकते हैं. इसके लिए छिलकों को दो से तीन दिन तक धूप में अच्छी तरह सुखा लें. फिर सूखे छिलकों को हल्का पीसकर उनके बराबर मात्रा में वर्मी कंपोस्ट मिला दें. इतना करते ही आपकी सूखी खाद भी तैयार हो जाएगी.
पौधे में आलू के छिलके की सूखी खाद कैसे डालें?
सूखी खाद को गमले की मिट्टी में हल्का गड्ढा बनाकर डालें और ऊपर से मिट्टी ढक दें. कच्चे आलू के छिलके सीधे गमले में ज्यादा मात्रा में डालने से बचें, क्योंकि इनके सड़ने से पौधे में बदबू और कीड़े लग सकते हैं.
इस तरह आप घर पर ही आलू के छिलकों से खाद बनाकर अपने पौधे में डाल सकते हैं. गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं कि इस खाद के इस्तेमाल से आपके पौधे की ग्रोथ तेजी से बढ़ सकती है. पौधे हर-भरे रहेगें और इससे पौधों पर फूल भी भर-भरकर आएंगे.
यह भी पढ़ें- मनी प्लांट को जल्दी बढ़ाने के लिए क्या करें? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया मनी प्लांट पर ज्यादा पत्तियां कैसे आएंगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं