अपने घर में पेड़-पौधे लगाना तो हर किसी को पसंद होता है. लेकिन ये पौधे हरे-भरे रहें, साथ ही पौधों पर खूब सारे फल-फूल और पत्तियां आएं, इसके लिए इनकी सही देखभाल करना बहुत जरूरी है. वहीं, पौधों की देखभाल के लिए सिर्फ पानी देना काफी नहीं होता है. इसके लिए सबसे जरूरी है पोषण, जो खाद से मिलता है. अब, वैसे तो आपको बाजार में कई तरह की खाद और फर्टिलाइजर मिल जाएंगे, लेकिन आप चाहें तो घर पर भी नेचुरल चीजों की मदद से अपने पौधों के लिए लिक्विड फर्टिलाइजर तैयार कर सकते हैं. यहां हम आपको सरसों की खली से लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने का आसान तरीका बता रहे हैं. ये खास तरीका 'सबसे छोटा किसान' नाम के एक इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया गया है. आइए जानते हैं इस खाद को बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी. साथ ही जानेंगे खाद बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- 250 ग्राम सरसों की खली
- 150 ग्राम वर्मी कम्पोस्ट
- 50 ग्राम नीम केक पाउडर
- 10 ग्राम गुड़ और
- 10 लीटर पानी
इन सभी चीजों को मिलाकर आप घर पर ही अपने पौधों के लिए लिक्विड फर्टिलाइजर तैयार कर सकते हैं.
कैसे तैयार करें सरसों की खली का लिक्विड फर्टिलाइजर?- इसके लिए सबसे पहले एक बड़ी बाल्टी या प्लास्टिक के ड्रम में 10 लीटर पानी लें.
- अब, इसमें 250 ग्राम सरसों की खली, 150 ग्राम वर्मी कम्पोस्ट और 50 ग्राम नीम केक पाउडर डाल दें.
- इसके बाद 10 ग्राम गुड़ को थोड़े गुनगुने पानी में अच्छी तरह घोल लें और इस घोल को भी बाल्टी में मिला दें.
- सभी चीजों को किसी लकड़ी की मदद से अच्छी तरह मिक्स करें, ताकि सारी चीजें पानी में अच्छे से मिल जाए.
- इसके बाद बाल्टी को किसी चीज से ढ़ककर छायादार जगह पर रख दें. आपको इसे धूप से पूरी तरह बचाना है.
- बाल्टी को आप कपड़े या किसी कागज के गत्ते से ढक सकते हैं, लेकिन इसे पूरी तरह एयरटाइट न करें.
- बीच-बीच में मिश्रण को चलाते रहें. करीब 3 दिन बाद आपका लिक्विड फर्टिलाइजर बनकर तैयार हो जाएगा.
तीन दिन बाद फर्टिलाइजर को किसी कपड़े या छन्नी की मदद से छान लें. ध्यान रखें कि आपको खाद को सीधे पौधों में नहीं डालना है. नॉर्मल साइज के पौधों के लिए एक लीटर तैयार लिक्विड खाद को 10 लीटर साफ पानी में मिलाएं, फिर इसे पौधों की मिट्टी में डालें. वहीं, छोटे पौधों के लिए एक लीटर खाद को 20 लीटर पानी में मिलाकर इस्तेमाल करें.
इन बातों का भी रखें ध्यानइस खाद का इस्तेमाल करने से पहले मिट्टी की नमी और पौधे की जरूरत जरूर देख लें. बहुत ज्यादा मात्रा में खाद डालने से पौधों को नुकसान भी हो सकता है. इसलिए शुरुआत में थोड़ी मात्रा में इस्तेमाल करें और पौधों की प्रतिक्रिया देखें. इसके अलावा धूप में पौधों की मिट्टी में खाद कभी न डालें. हमेशा शाम के समय ही इस खाद को पौधों की मिट्टी में डालें.
इस तरह बेहद आसान तरीके से आप घर पर ही अपने पौधों के लिए खाद तैयार कर सकते हैं. इस खाद से पौधों को पोषण मिलता है, जिससे फिर उनकी ग्रोथ अच्छी होती है, साथ ही पौधे हरे-भरे और घने रहते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- सिरके वाली प्याज कैसे बनाएं? जानें रेस्टोरेंट जैसी सिरका प्याज बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं