Old Socks Reuse Ideas: घर में पड़े पुराने मोजे अक्सर बेकार समझकर फेंक दिए जाते हैं. कई बार एक मोजा खो जाता है और दूसरा अलमारी के किसी कोने में यूं ही पड़ा रहता है. लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी से यही पुराने मोजे घर के कई काम आसान बनाने के काम आ सकते हैं. इनका दोबारा इस्तेमाल करके आप न सिर्फ घर का कचरा कम कर सकते हैं बल्कि कई उपयोगी और मजेदार चीजें भी बना सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए ज्यादा पैसे या मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती.
सफाई के दस्ताने बनाएं
पुराने सूती मोजे को हाथ में पहनकर फर्नीचर, टीवी, लैपटॉप या खिड़की की जाली साफ की जा सकती है. मोजे का कपड़ा धूल को जल्दी पकड़ लेता है और सफाई आसान हो जाती है.

पौधों को सहारा देने में करें इस्तेमाल
बगीचे में छोटे पौधों को सहारा देने के लिए पुराने मोजों की पट्टियां काटकर इस्तेमाल की जा सकती हैं. ये मुलायम होती हैं इसलिए पौधों की डंडी को नुकसान नहीं पहुंचता.
बच्चों के लिए खिलौना बनाएं
पुराने रंग-बिरंगे मोजों से प्यारे खिलौने बनाए जा सकते हैं. आंखों की जगह बटन और ऊन लगाकर इन्हें मजेदार रूप दिया जा सकता है. यह बच्चों के लिए एक अच्छा गेम बन सकता है.
यह भी पढ़ें- Wooden Furniture Cleaning Tips: लकड़ी के फर्नीचर को साफ करते समय भूलकर भी न करें ये गलतियां
फ्रिज और दराज की बदबू दूर करें
पुराने मोजे में थोड़ा खाने वाला सोडा या सूखे फूल भरकर बांध दें. इसे फ्रिज, जूते रखने की जगह या दराज में रखने से बदबू कम करने में मदद मिल सकती है.
मोबाइल और चश्मे का कवर बनाएं
मुलायम मोजों को छोटा काटकर मोबाइल, धूप का चश्मा या छोटे सामान रखने के कवर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे खरोंच पड़ने का डर कम रहता है.
पालतू जानवरों के लिए खिलौना तैयार करें
अगर घर में कुत्ता या बिल्ली है, तो पुराने मोजे में कपड़े भरकर एक मुलायम खिलौना बनाया जा सकता है. यह पालतू जानवरों के खेलने के काम आ सकता है.
फर्श साफ करने में करें इस्तेमाल
पुराने मोजों को छोटे पोछे की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है. खासकर कोनों और छोटी जगहों की सफाई में यह काफी काम आता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं