चेहरे पर छोटे-छोटे बाल होना बिल्कुल नॉर्मल है. लेकिन कई लड़कियों के चेहरे पर ज्यादा बाल आते हैं. इससे कई बार स्किन डल लगने लगती है, साथ ही मेकअप भी केकी लगता है. ऐसे में इन बालों को हटाने के लिए वे फेस शेविंग का तरीका अपनाती हैं. हालांकि, इसे लेकर एक आम डर भी रहता है कि क्या शेविंग करने से चेहरे के बाल पहले से ज्यादा मोटे या और घने तो नहीं हो जाएंगे? अगर आपके मन में भी इस तरह के सवाल हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. अपने इस वीडियो में उन्होंने फेस शेविंग को लेकर जरूरी जानकारी दी है. आइए जानते हैं क्या कहती हैं एक्सपर्ट-
क्या लड़कियों को चेहरे के बाल शेव करने चाहिए?
स्किन की डॉक्टर बताती हैं, लड़कियां भी अपने चेहरे के बाल शेव कर सकती हैं. बस इस दौरान कुछ खास बातों को ध्यान में रखना जरूरी है. डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, शेव करने से चेहरे के बाल मोटे या और घने नहीं होते हैं. ये बस एक आम गलतफहमी है. शेविंग करते हुए आप अपने बालों को सिर्फ त्वचा की सतह से काटते हैं, इसलिए बाल की मोटाई या उसकी ग्रोथ पर इसका कोई सीधा असर नहीं पड़ता है. थोड़े समय बाद बाल वैसे ही ग्रो होते हैं, जैसे पहले थे.
कैसे करें शेविंग?- एक्सपर्ट बताती हैं, फेस शेविंग करते समय सबसे पहले त्वचा को अच्छी तरह साफ करना जरूरी है. चेहरा धोने के बाद ही शेविंग शुरू करें. इससे त्वचा पर मौजूद गंदगी और एक्स्ट्रा ऑयल हट जाता है और शेविंग के दौरान इरिटेशन का खतरा कम हो सकता है.
- अगर चेहरे पर पहले से जलन, रेडनेस, एक्ने या इरिटेशन है, तो उस हिस्से पर शेविंग करने से बचें. इससे परेशानी और बढ़ सकती है.
- शेविंग हमेशा बालों की दिशा में ही करें. यानी जिस दिशा में बाल बढ़ रहे हैं, उसी दिशा में रेजर चलाएं. बालों के उल्टी दिशा में शेव करने से इनग्रोन हेयर हो सकते हैं, साथ ही स्किन कटने का चांस भी रहता है.
इन सब से अलग एक्सपर्ट कहती हैं, शेविंग के बाद त्वचा थोड़ी सेंसिटिव हो सकती है. इसलिए शेव करने के बाद स्किन पर एक अच्छा और सूदिंग मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं. इससे त्वचा को आराम मिलता है और जलन या रेडनेस की परेशानी कम होती है.
इस तरह आप सही टूल और कुछ खास बातों को ध्यान में रखकर फेस शेविंग कर सकती हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- बालों को लंबा करने के लिए कौन सा तेल लगाएं? एक्सपर्ट ने बताया घर पर तेल बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं