Kitchen Hacks: How to Store Green Peas For Long Time: सर्दियों के मौसम में मार्केट में भर-भरकर हरी मटर आती है. हरी मटर खाने में तो टेस्टी होती ही है लेकिन सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है. मटर का सीजन आते ही ज्यादातर लोग इन्हें स्टोर करने के बारे में सोचने लगते हैं, ताकि साल भर ताजा स्वाद मिल सके. बाजार में मिलने वाले फ्रोजन मटर की तुलना में घर पर प्रिजर्व किए गए मटर ज़्यादा फ्रेश, हरे और स्वाद में बेहतर होते हैं. अगर आप भी चाहती हैं कि मटर लंबे समय तक खराब न हों और उनका रंग व स्वाद बना रहे, तो यह आसान तरीका आपके बहुत काम आएगा.
मटर फ्रीज करने से पहले रखें इस बात का ख्याल (Matar ko kaise store kare)
सबसे पहले ताज़े और हरे मटर लें और उन्हें अच्छी तरह छीलकर साफ कर लें. ध्यान रखें कि खराब या काले दानों को पहले ही अलग कर दें, क्योंकि ये पूरे बैच को खराब कर सकते हैं.
ब्लांचिंग से मटर रहते हैं हरे और फ्रेश
एक बड़े बर्तन में पानी उबालें. इसमें दो चम्मच शक्कर और एक चम्मच नमक डालें. शक्कर डालने से मटर का नेचुरल हरा रंग बना रहता है. अब मटर को छानकर उबलते पानी में डालें और तेज आंच पर करीब 2 से 3 मिनट तक उबालें. जैसे ही मटर ऊपर तैरने लगें, गैस बंद कर दें.
आइस वॉटर ट्रिक
उबले हुए मटर को तुरंत नॉर्मल टेंपरेचर वाले पानी में डालें और उसमें कुछ बर्फ के टुकड़े मिला दें. इससे मटर ज्यादा नहीं पकते और उनका रंग भी सही बना रहता है. मटर को लगभग 5 मिनट तक इसी ठंडे पानी में रहने दें.
Also Read: Low Sugar Breakfast: ब्लड शुगर कंट्रोल में रखना है तो सुबह खाएं ये 8 हेल्दी चीजें

Photo Credit: Instagram/ bhagyashree.online
सुखाना है सबसे जरूरी स्टेप
अब मटर को पानी से निकालकर अच्छे से छान लें और एक साफ कपड़े पर एक लेयर में फैला दें. इन्हें पंखे के नीचे करीब 2 घंटे तक सुखाएं. बीच-बीच में मटर को हल्का-सा पलटते रहें, ताकि नमी पूरी तरह निकल जाए. ध्यान रखें कि मटर बिल्कुल गीले न रहें, वरना फ्रीजर में खराब हो सकते हैं.
सही तरीके से पैक करें मटर
पूरी तरह सूख जाने के बाद मटर को जिप लॉक बैग में भरें. बैग में बहुत ज़्यादा मटर न भरें और हवा निकालकर अच्छे से सील कर दें. इससे मटर लंबे समय तक सेफ रहते हैं. अब इन बैग्स को फ्रीजर में रख दें.
यूज करने का सही तरीका
जब भी मटर की सब्जी, पुलाव या करी बनानी हो, बैग को निकालें, थोड़ी देर नॉर्मल होने दें और ज़रूरत के हिसाब से मटर निकाल लें. बाकी मटर को फिर से फ्रीजर में रख दें. इस तरह मटर महीनों तक खराब नहीं होते.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं