विज्ञापन

जिंदगी भर की सांस का कर्ज: एक इंसान को कितने पेड़ लगाने चाहिए? जवाब चौंका देगा

हम हर दिन सांस लेते हैं… लेकिन क्या आपने कभी सोचा कि इसके बदले हम प्रकृति को क्या लौटाते हैं?

जिंदगी भर की सांस का कर्ज: एक इंसान को कितने पेड़ लगाने चाहिए? जवाब चौंका देगा
एक इंसान को कितनी ऑक्सीजन चाहिए?
NDTV

आज पर्यावरण दिवस है… आज शाम तक आपको 80 फीसदी लोग फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर पौधे लगाते हुए दिखेंगे. सोशल मीडिया पर पौधे लगाने की तस्वीरें दिखेंगी. लेकिन क्या इस खास द‍िन पौधे लगाकर मुंह फेर लेना ही काफी है या कुछ कारगर कदम उठाने की जरूरत है. 

मेरे जहन में एक सवाल उठा कि क्‍या ऑक्‍सीजन के रूप में जो कर्ज हम पर्यावरण से ले रहे हैं उसे कभी उतार पाएंगे, जिस ऑक्सीजन के भरोसे हमारी सांसें चल रही हैं, उसका कर्ज हम प्रकृति को कैसे चुका रहे हैं...

हाल ही में बिनय कुमार से मेरी भेंट हुई. एक निजी बेंगलुरु दौरे के दौरान मैं उनसे म‍िली. बिनय 'द आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम' में एक परमाकल्चर प्रोजेक्ट को संभाल रहे हैं.

वे बड़े-बड़े पत्थरों से भरी हुई बंजर जमीन पर काम करने के बाद उसे महज तीन महीनों में एक हरे-भरे जंगल में बदल चुके हैं. बि‍नय ने यह सब बिना एक भी बोरवेल खोदे और परमाकल्चर के सिद्धांतों का इस्तेमाल करके किया. 

पर्यावरण के प्रत‍ि कृतज्ञ होने का और उसका कर्ज उतारने का ख्‍याल उन्‍हीं की बातों से द‍िमाग में उपजा.   

Binay Kumar, Founder Member, Ashram Permaculture Project (AOL)

Binay Kumar, Founder Member, Ashram Permaculture Project (AOL)

इस दौरान बहुत सी बातों के साथ बिनय ने एक बात और कही. या यूं कहूं कि उन्होंने एक विनती की. आप पूरे जीवन में जितनी ऑक्सीजन लेते हैं, बिनय कुमार के अनुसार आपको 16 पेड़ चाहिए.

वैज्ञानिक आंकड़ों के अनुसार यह संख्या अलग-अलग हो सकती है, बिनय कुमार का अनुमान है क‍ि एक आदमी अपने जीवन में 16 पेड़ों का कर्जदार है. तो अगर आप इस जीवन में कोई कर्ज नहीं चाहते तो आपको कम से कम इतने पेड़ तो लगाने चाहिए ताकि आप अपना कर्ज उतार सकें.

Note: 16 पेड़ लगाने का ये अनुमान बिनय कुमार जी के अनुभव पर आधारित हैं.

अब ब‍िनय की इन बातों से कई सवाल जहन में उठे. अगर हम सीधे शब्दों में बात करें तो एक इंसान को अपनी जिंदगी में कितने पेड़ लगाने चाहिए ताकि वह अपने हिस्से की ऑक्सीजन का हिसाब बराबर कर सके?

एक इंसान को हर दिन कितनी ऑक्सीजन चाहिए?

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट के अनुसार एक हेल्दी इंसान के फेफड़े 28 डिग्री सेल्सियस के एसोफेजियल तापमान पर प्रति मिनट लगभग 5-6 मिलीलीटर ऑक्सीजन का इस्तेमाल करते हैं.

साइंस डायरेक्ट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट में बताया गया कि उम्र के हिसाब से ऑक्सीजन का इंटेक अलग होता है. जब आप छोटे होते हैं तो जन्म के तुरंत बाद के समय के बाद, आराम की स्थिति में बच्चे में ऑक्सीजन की खपत लगभग 150 mL/min/m² होती है. जीवन के पहले 3 हफ्तों के दौरान, यह लगभग 120-130 mL/min/m² होती है.

अब सवाल उठता है कि एक पेड़ हमें कितनी ऑक्सीजन देता है? 

आंकड़ों को देखें तो एक इंसान रोज करीब 500–550 लीटर ऑक्सीजन इस्तेमाल करता है. वहीं, एक प्रौढ़ पेड़ साल में 100 किलो तक ऑक्सीजन बना सकता है. 

वैसे तो यह पेड़ के आकार, उसकी उम्र और उसकी प्रजाति - जैसे पीपल, नीम, बरगद - पर निर्भर करता है. लेकिन एक अनुमान के मुताबिक, एक पूरी तरह से बड़ा और हरा-भरा पेड़ एक साल में इतनी ऑक्सीजन बना देता है जिससे दो वयस्क इंसानों की जरूरतें पूरी हो सकें.

सीधा सा गणित है: अगर एक पेड़ दो लोगों के लिए काफी है, तो इसका मतलब यह हुआ कि आधा पेड़ एक इंसान की जरूरत पूरी कर रहा है. लेकिन कहानी इतनी सरल नहीं है.

तो फिर हमें कितने पेड़ लगाने की जरूरत है?

अगर हम सिर्फ सांस लेने की बात करें, तो बिनय कुमार के अनुसार हर इंसान को अपने जीवन में 16 पेड़ लगाने की जरूरत है. वैज्ञानिक कहते हैं कि 7 से 8 बड़े पेड़ एक इंसान के जीवनभर की ऑक्सीजन की जरूरत को पूरा करने के लिए काफी हैं.

लेकिन...

हम इंसान सिर्फ सांस नहीं लेते. हम गाड़ियां चलाते हैं, बिजली का इस्तेमाल करते हैं, फैक्ट्रियों में बनी चीजों का उपयोग करते हैं और एलपीजी गैस पर खाना पकाते हैं. इन सब कामों से भारी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) पैदा होती है.

इसलिए, अगर हम अपने द्वारा फैलाए गए प्रदूषण यानी कार्बन फुटप्रिंट और अपनी सांसों, दोनों का हिसाब बराबर करना चाहते हैं, तो एक इंसान को अपने जीवनकाल में कम से कम 15 से 20 पेड़ लगाने चाहिए. और सबसे जरूरी बात, उन्हें बड़ा होने तक पालना भी चाहिए.

Also Read: पर्यावरण दिवस: 'बीमार' हो रहा इंसानों का 'थर्ड पोल', एक्सपर्ट्स ने NDTV को बताया हिमालय को किससे है बड़ा खतरा

कौन से पेड़ लगाना सबसे बेहतर है, सबसे ज्यादा ऑक्सीजन देने वाला पेड़ कौन सा है?

अगर आप प्रकृति का यह कर्ज चुकाना चाहते हैं, तो ऐसे पेड़ चुनें जो ज्यादा ऑक्सीजन देते हैं और 24 घंटे वातावरण को साफ रखते हैं:

  1. पीपल और बरगद: इन्हें ऑक्सीजन का पावरहाउस कहा जाता है. ये सबसे ज्यादा समय तक ऑक्सीजन छोड़ते हैं.  
  2. नीम: यह न सिर्फ हवा को साफ करता है बल्कि कीटाणुओं को भी मारता है.  
  3. तुलसी: भले ही यह छोटा पौधा है, लेकिन घर के अंदर की हवा को शुद्ध करने में इसका कोई मुकाबला नहीं है.  
  4. बांस: यह बहुत तेजी से बढ़ता है और अन्य पेड़ों की तुलना में 35% ज्यादा ऑक्सीजन छोड़ता है.
बात दिल को छू गई. आज पर्यावरण दिवस पर वही बात याद आई. सोशल मीडिया पर दिखी तस्वीरों से कुछ राहत मिली. लेकिन इसके तुरंत बाद बिनय की दूसरी बात भी याद आ गई. बिनय ने कहा था - पेड़ सिर्फ लगाने नहीं हैं, उनकी संभाल की जिम्मेदारी भी आपकी ही है. आपको ही यह तय करना है कि लगाने के बाद वे सूख न जाएं या मर न जाएं. जब तक वे खुद बड़े न हों कि उन्हें पानी या खाद के लिए आप पर निर्भर न रहना पड़े, तब तक आपको उनका ख्याल रखना है. तभी आप असल में कर्जमुक्त होंगे.

आखिरी बात: सिर्फ लगाना काफी नहीं, बचाना जरूरी है

अक्सर लोग पर्यावरण दिवस पर पौधा तो लगा देते हैं, लेकिन अगले ही दिन उसे भूल जाते हैं. एक नन्हा पौधा तुरंत ऑक्सीजन नहीं दे सकता. उसे बड़ा होने में 5 से 10 साल का समय लगता है.

इसलिए, अगली बार जब आपका जन्मदिन हो या कोई खास मौका हो, तो कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और जिम्मेदारी लें कि जब तक वह खुद को संभालने लायक न हो जाए, आप उसमें पानी देंगे. यकीन मानिए, धरती का कर्ज उतारने का इससे खूबसूरत और आसान तरीका कोई दूसरा नहीं है.

हां, यह भी ध्‍यान रखें कि सवाल स‍िर्फ पेड़ लगाने का नहीं है उसकी जिम्मेदारी लेने का भी है.पेड़ तब तक आपका है, जब तक वह खुद खड़ा होना नहीं सीख जाता.

Also Read: विश्व पर्यावरण दिवस: अगर पेड़ भेजने लगें अपना 'बिल', तो इंसान एक दिन में हो जाएगा कंगाल

अक्‍सर पूछे जाने वाले सवाल 

1. एक इंसान को कितनी ऑक्सीजन चाहिए?
आमतौर पर एक हेल्‍दी इंसान रोज तकरीबन 500–550 लीटर ऑक्सीजन का इस्‍तेमाल करता है.

2. एक पेड़ कितने लोगों के लिए पर्याप्त होता है?
ब‍िनय कुमार जी के अनुमान के अनुसार एक बड़ा पेड़ 2–4 लोगों की ऑक्सीजन जरूरत में योगदान दे सकता है.

3. क्या सिर्फ पेड़ लगाना काफी है?
नहीं, उन्हें बड़ा होने तक संभालना सबसे जरूरी है.

संदर्भ सूच‍ी : 

completeera.com/how-many-trees-to-produce-oxygen-for-one-person-environmental-calculations

biologyinsights.com/how-many-trees-does-one-person-need-to-breathe

https://iere.org/how-many-trees-does-1-person-need-for-oxygen

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com