हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा तेज दिमाग वाला, समझदार और सफल हो. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बच्चे का दिमागी विकास सिर्फ स्कूल या पढ़ाई पर निर्भर नहीं करता, बल्कि घर का माहौल, खानपान, नींद और पेरेंटिंग स्टाइल भी इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभाती है. विशेषज्ञों के अनुसार, बचपन के पहले पांच साल दिमाग के विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं.
डॉ. नेहा भंडारी, सीनियर कंसल्टेंट, पीडियाट्रिक नेफ्रोलॉजी, आकाश हेल्थकेयर बताती हैं, “बच्चे का दिमाग जन्म के बाद तेजी से विकसित होता है. जीवन के पहले पांच सालों में दिमाग का लगभग 80-90 फीसदी विकास हो जाता है. इस दौरान सही पोषण, भावनात्मक समर्थन और सीखने का माहौल बहुत जरूरी होता है."
शुरुआती साल क्यों महत्वपूर्ण होते हैं?
बच्चों के दिमाग में न्यूरल कनेक्शन बहुत तेजी से बनते हैं. ये कनेक्शन ही उनकी सोचने, समझने और सीखने की क्षमता को तय करते हैं. अगर इस समय सही उत्तेजना मिले, तो बच्चा तेजी से सीखता है. डॉक्टर कहते हैं, “बच्चों के साथ बात करना, उन्हें नई चीजें दिखाना और खेलने के लिए प्रोत्साहित करना दिमागी विकास को मजबूत करता है.
1. स्क्रीन टाइम एक खतरा बन सकता है-
आजकल छोटे बच्चों में मोबाइल और टैबलेट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है. यह उनकी सीखने की क्षमता और ध्यान पर नकारात्मक असर डाल सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार, ज्यादा स्क्रीन टाइम बच्चों के दिमाग को निष्क्रिय बना देता है, जिससे उनकी रचनात्मकता और फोकस कम हो सकता है.
Photo Credit: Pexels
2. जरूरी है सही पोषण-
बच्चों के दिमाग के विकास के लिए संतुलित आहार बहुत जरूरी है. प्रोटीन, आयरन, ओमेगा-3 फैटी एसिड और विटामिन दिमाग को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. डॉक्टर बताते हैं, जंक फूड और प्रोसेस्ड फूड से बचना चाहिए. घर का बना पौष्टिक खाना बच्चों के दिमागी विकास के लिए सबसे बेहतर होता है.
3. खेल और गतिविधियों का महत्व-
बच्चों को सिर्फ पढ़ाई तक सीमित रखना उनके विकास के लिए सही नहीं है. खेलना, दौड़ना और आउटडोर गतिविधियां उनके दिमाग और शरीर दोनों के लिए जरूरी हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, खेल के दौरान बच्चे नई चीजें सीखते हैं, समस्या सुलझाने की क्षमता विकसित करते हैं और सामाजिक कौशल भी बेहतर होते हैं.
4. भावनात्मक समर्थन भी जरूरी-
दिमागी विकास केवल पढ़ाई या पोषण से नहीं होता, बल्कि भावनात्मक माहौल भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. डॉक्टर कहते हैं, “अगर बच्चा सुरक्षित और प्यार भरे माहौल में बड़ा होता है, तो उसका दिमाग बेहतर तरीके से विकसित होता है. डर या दबाव में रहने से उसका मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है.
5. नींद का सीधा संबंध-
बच्चों के लिए पर्याप्त नींद बहुत जरूरी है. नींद के दौरान दिमाग दिनभर की जानकारी को प्रोसेस करता है और याददाश्त को मजबूत बनाता है. कम नींद लेने से बच्चे चिड़चिड़े हो सकते हैं और उनका ध्यान पढ़ाई में नहीं लगता.
माता-पिता को क्या करना चाहिए?
- बच्चों से रोज बात करें और उनकी बात सुनें
- स्क्रीन टाइम सीमित करें
- पौष्टिक आहार दें
- खेलने और अन्वेषण का मौका दें
- नियमित दिनचर्या और नींद सुनिश्चित करें
- बच्चों को प्रोत्साहित करें, दबाव न डालें
- क्या नहीं करना चाहिए?
- बच्चों की तुलना दूसरों से न करें
- ज्यादा डांटना या दबाव बनाना
- हर समय मोबाइल देना
बच्चों की जिज्ञासा को नजरअंदाज न करें-
बच्चों का दिमागी विकास एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन सही पेरेंटिंग से इसे बेहतर बनाया जा सकता है. डॉक्टर का कहना है, “हर बच्चा अलग होता है. जरूरी है कि माता-पिता उसे समझें, समर्थन दें और एक सकारात्मक माहौल दें, ताकि उसका दिमाग और व्यक्तित्व दोनों बेहतर तरीके से विकसित हो सकें. इसलिए, अगर आप अपने बच्चे का उज्ज्वल भविष्य चाहते हैं, तो आज से ही उसकी दिमागी स्वास्थ्य पर ध्यान देना शुरू करें.
ये भी पढ़ें- इन 7 लोगों के लिए वरदान से कम नहीं है साबूदाना, जानें व्रत में कैसे करें इसका सेवन
क्या चौथी स्टेज पर ठीक हो सकता है कैंसर? Dr Vivek Mangla से जानें How to Avoid Colon Cancer | Read